नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चार खिलाड़ियों का ट्रेड हुआ है. सनराइजर्स से लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स सीएसके में गए हैं, जबकि सीएसके ने खलील अहमद और नाथन एलिस को सनराइजर्स के साथ ट्रेड किया है. इस ट्रेड में लियाम लिविंगस्टोन को भारी नुकसान उठाना पड़ा है.
लिविंगस्टोन को पिछले सीजन सनराइजर्स ने 13 करोड़ की बड़ी रकम में खरीदा था, लेकिन सीएसके में ट्रेड डील के बाद उन्हें सिर्फ 6 करोड़ रुपए ही मिलेंगे. इसके अलावा पिछले सीजन सनराइजर्स की टीम में शामिल जैक एडवर्ड्स 3 करोड़ रुपए में सीएसके के साथ ट्रेड हुए.
लेफ्ट आर्म पेसर खलील अहमद के लिए SRH ने दिए 4.8 करोड़
सनराइजर्स हैदराबाद ने आगामी सीजन के लिए अपने गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करने के लिए सीएसके से खलील अहमद को अपने साथ जोड़ा है. खलील अहमद को सीएसके की टीम ने 4.8 करोड़ रुपए में ट्रेड किया है. खलील पिछले सीजन चोट के कारण सीएसके के लिए सभी मैच नहीं खेल पाए थे. हालांकि, खलीली के लिए आईपीएल 2025 शानदार रहा था. खलील ने टीम के लिए 14 मैच में 15 विकेट लिए थे. खलील के खाते में विकेट की संख्या बेशक कम हो, लेकिन वह काफी किफायती रहे थे. सीएसके से पहले आईपीएल 2024 में खलील ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 17 विकेट लिए थे.
इसके अलावा सीएसके की तरफ से नाथन एलिस भी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में आए हैं. नाथन एलिस की सीएसके और सनराइजर्स के बीच 2 करोड़ में डील हुई है. नाथन एलिस पिछले कुछ समय से ऑस्ट्रेलिया के लिए लगातार दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आ रहे हैं, लेकिन सनराइजर्स के साथ ट्रेड कर सीएसके ने सबको चौंका दिया. वहीं, चोटिल होने से पहले खलील अहमद टीम सीएसके के बेस्ट गेंदबाज थे. अब देखने ये होगा कि मिनी ऑक्शन में टीम इन गेंदबाजों की कमी कैसे पूरा करती है.
