बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता से 25 लाख ठगी, जूना अखाड़े के आचार्य ने ही ठगा; 5 पर FIR दर्ज

Sanchar Now
3 Min Read

बरेली: बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी के साथ ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार में उच्च पद व आयोग में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनवाने के नाम पर एक्ट्रेस के पिता से 25 लाख रुपये की ठगी की गई।

पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज

बरेली कोतवाली के एसएचओ डीके शर्मा ने घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जगदीश सिंह पाटनी की ओर से शुक्रवार देर शाम शिवेंद्र प्रताप सिंह, दिवाकर गर्ग, जूना अखाड़े के आचार्य जय प्रकाश, प्रति गर्ग समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। प्राप्त शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी, जालसाजी और रुपये ठगने के आरोप में बरेली कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

एक आरोपी है करीबी

एसएचओ डीके शर्मा ने बताया कि आरोपियों के ठिकानों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बरेली सिविल लाइंस क्षेत्र के निवासी जगदीश सिंह पाटनी ने आरोप लगाया है कि शिवेंद्र प्रताप सिंह उनके परिचित थे। शिवेंद्र ने उनकी मुलाकात दिवाकर गर्ग और जूना अखाड़े के आचार्य जयप्रकाश से कराई। इन लोगों ने बड़े राजनीतिक संपर्कों का दावा करते हुए उन्हें सरकारी आयोग में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष या अन्य प्रतिष्ठित पद दिलाने का वादा किया। उन्होंने बताया कि विश्वास जीतने के बाद, आरोपियों ने जगदीश सिंह पाटनी से कुल 25 लाख रुपये लिए। इसमें से पांच लाख रुपये नकद और 20 लाख रुपये तीन अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए गए।

पढ़ें  दिल्ली RK पुरम डबल मर्डर केस में पुलिस ने दो और को दबोचा, अब तक 5 गिरफ्तार

महीनों तक देते रहे झांसा

वहीं पीड़ित जगदीश सिंह पाटनी ने आरोप लगाया कि जब तीन महीने में कोई काम नहीं हुआ तो आरोपियों ने पैसे ब्याज सहित लौटाने का वादा किया। बाद में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो धमकियां देनी शुरू कर दीं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में आरोपियों ने दावा किया कि काम प्रगति पर है और झूठा विश्वास दिलाने के लिए एक व्यक्ति को विशेष कार्याधिकारी बताकर उनसे मिलवाया। हालांकि कई महीने बीतने के बाद भी वादा पूरा नहीं हुआ।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment