Noida: दो किलोमीटर तक किया पीछा, घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग… गाड़ी टच होने पर पीट-पीटकर किया अधमरा

Sanchar Now
3 Min Read

दिल्ली से सटे यूपी के ग्रेटर नोएडा में कार टच हो जाने पर दबंगों ने पीछा कर शख्स को पीट दिया. दरअसल सड़क पर थार और ब्रेजा कार आपस में हल्की सी टच हो गई. इसके बाद ब्रेजा कार सवार दबंगों ने थार गाड़ी का पीछा किया और युवक के घर तक पहुंच गए.

इसके बाद हथियार के बल पर युवक और उसके परिवार के साथ दबंगों ने जमकर मारपीट की. मारपीट में दो लोगों को गंभीर चोट आई है जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पूरी घटना पीड़ित युवक के घर पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है.

बता दें कि अंशु भाटी नाम का युवक ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में सीएनजी पेट्रोल पंप के पास एक होटल चलाता है.  बीते 28 जुलाई की रात को लगभग 8:00 बजे अंशु भाटी अपने होटल से वापस अपने घर की तरफ लौट रहा था, तभी पास से निकली सफेद रंग की ब्रेजा कार आगे जाकर अचानक से यू टर्न लेती है.

इसके कारण अंशु भाटी की थार गाड़ी हल्की सी टच हो गई. पीड़ित अंशु जैसे ही नीचे उतरा तो दबंगों ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी और साथ ही मार पिटाई भी की. पीड़ित किसी तरीके से अपनी जान बचा कर अपने घर की तरफ निकला तो दबंग पीछा करने लगे. हद तो तब हो गई जब सफेद गाड़ी पर सवार दबंग युवक के घर में घुस गए.

बाहर शोर होता हुआ देख पीड़ित के परिजन भी घर से बाहर आ गए और दबंगों को समझाने में जुट गए.  लेकिन दबंगों ने हथियार के बल पर मार पिटाई शुरू कर दी और पिस्टल की बट से 2 लोगों के सर पर वार कर दिया.

पढ़ें  Greater Noida : 5 महीने से जिला बदर चल रहे बदमाश को पुलिस ने किया लंगड़ा, भेजा जेल

वारदात को अंजाम देने के बाद दबंग आसानी से फरार हो गए. यह पूरी घटना पीड़ित के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. हालांकि पुलिस ने इस मामले पर 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे कार्रवाई में जुट गई है. पीड़ितों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है.

घटना की ज्यादा जानकारी देते हुए ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि गाड़ी चलाते समय दोनों पक्षों में आपस में बहस हो गई थी. उसके बाद थार कार सवार युवक के साथ बदतमीजी की गई और  घर पर जाकर भी मारपीट की है.

हालांकि बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष पहले से परिचित भी हैं. 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जिसमें एक आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment