बांदा में सीएम योगी बोले-कभी यहां डकैतों-माफिया का था आतंक, बुंदेलखण्ड को बनाएंगे धरती का स्वर्ग

Sanchar Now
5 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा पहुंचकर जिले को 710 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार बुंदेलखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसे धरती का स्वर्ग बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकारों ने विकास के बजाय क्षेत्र को डकैत दिए और युवाओं के हाथों में रोजगार के बजाय तमंचा थमा दिया। उन्होंने कहा कि पहले विकास का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होता था, जबकि आज वही धन मंदिरों के सुंदरीकरण और जनकल्याणकारी कार्यों पर लगाया जा रहा है।

आज बुंदेलखंड बेहतरीन कनेक्टिविटी, बेहतर कानून व्यवस्था

सीएम योगी ने कहा कि करीब नौ साल पहले जब वह पहली बार बुंदेलखंड आए थे, तब यहां पिछड़ापन, पलायन, डकैतों और भू-माफियाओं का आतंक था। रोजगार और सुरक्षा का अभाव था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज बुंदेलखंड बेहतरीन कनेक्टिविटी, बेहतर कानून व्यवस्था और विकास योजनाओं से जुड़ चुका है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बुंदेलखंड डकैतों के कर्फ्यू से मुक्त होकर विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है।

बेटी-व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ पर यमराज भेजेंगे

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमारी सरकार उपद्रव, गुंडागर्दी और कर्फ्यू को बिल्कुल भी पसंद नहीं करती है। यह सरकार बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को साफ चेतावनी देती है। अपराधी सीधे शब्दों में नहीं मानते हैं तो हमारी पुलिस और सरकार उनको यमराज के पास भेजने का रास्ता खोल देती है। यूपी में आज अपराधी के मन में कानून का डर है। साल 2017 के पहले बुंदेलखंड में कहीं खनन माफिया, कहीं सैंड माफिया, लैंड माफिया, वन माफिया तो कहीं डकैतों का आतंक था। किसान अपने ही खेत में जाने से डर था। पुलिस में मुकदमा दर्ज नहीं होता था। योगी ने कहा कि इसलिए आपसे कहना है कि अगर भू-माफिया और डकैत चुनाव जीतकर जाएंगे, तो वे व्यापारियों का अपहरण करेंगे, लोगों की जमीनों पर जबरन कब्जा करेंगे और गरीबों को उजाड़ेंगे।

पढ़ें  महिला से अश्लील हरकतें करते सिपाही का वीडियो वायरल, एसपी ने किया सस्पेंड

योगी ने कहा कि बुंदेलखंड में पहले सिंचाई की सुविधा नहीं थी। पेयजल की सुविधा नहीं है। जो सपना था आज साकार हो रहा है। आज सिंचाई और पेयजल की सुविधा है। नियुक्त पत्र वितरण करता हूं तो बुंदेलखंड के लोगों का नाम भी दिखता है।

योगी पहुंचे भगवान कामदनाथ के दरबार, पूजन-दर्शन कर लगाई कामदगिरि परिक्रमा

वहीं भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को भगवान कामदनाथ के दरबार पहुंचे। विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मुख्यमंत्री ने पूजन कर दर्शन किए। साधू-संतों से मुलाकात करते हुए उनके साथ कामदगिरि परिक्रमा लगाई। उन्होंने कामदगिरि महाआरती स्थल पर पहुंचकर भगवान कामदनाथ की आरती की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर एक दिन पहले बुधवार को दोपहर बाद धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे थे। पहले दिन जनसभा, विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, समीक्षा आदि के बाद मुख्यमंत्री ने न्यू सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। गुरुवार को सुबह 7:25 बजे मुख्यमंत्री कामदगिरि परिक्रमा के लिए बरहा हनुमान मंदिर के पास पहुंचे। यहां सबसे पहले श्रीराम जानकी मंदिर में दर्शन कर पूजन किया। इसके बाद वह परिक्रमा के लिए रवाना हुए। नंगे पैरों मुख्यमंत्री परिक्रमा के लिए निकले। सरयू धारा में एक मिनट के लिए सीएम बैठे। इसके बाद कामदनाथ प्रमुख मुखारबिंद में मंदिर के व्यवस्थापक संत मदन गोपालदास ने वैदिक मंत्रोच्चारण के लिए गेट पर उनका स्वागत किया।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment