एटाः उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है. पुलिस ने एनकाउंटर करते हुए एक लाख के इनामी बदमाश को ढेर कर दिया. मारे गए बदमाश की पहचान वीरेंद्र के रूप में हुई है. बदमाश वीरेंद्र पर 53 मुकदमे दर्ज थे. मुठभेड़ के दौरान बदमाश का एक साथी फरार हो गया है. हालांकि इस एनकाउंटर में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया है. शातिर अपराधी वीरेंद्र मैनपुरी जिले के हरचंदपुर का रहने वाला था.
अलीगंज में 60 लाख की लूट को दिया था अंजाम
अलीगंज में 22 तारीख को सर्राफा कारोबारी से करीब 60 लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया था. उन्नाव से बाइक चोरी कर अलीगंज में अगले दिन सर्राफा कारोबारी से लूट की घटना को अंजाम दिया था. पिलुआ थाना क्षेत्र के सुन्ना नहर पर यह मुठभेड़ हुई है.
लूट के बाद 1 लाख रुपये का रखा था इनाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी आगरा जोन एस.के. भगत ने 25 अक्टूबर को बिरेंद्र पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. मूल रूप से मैनपुरी जिले के हरचंदपुर का रहने वाला बिरेंद्र 53 मुकदमों में आरोपी था. मुठभेड़ में उसकी मौत के बाद अब पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है. फिलहाल पुलिस ने मृतक बदमाश के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है और घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है.
