संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं और सड़क संबंधी समस्याओं को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने प्रदर्शन किया। संगठन के जिला अध्यक्ष एडवोकेट प्रेम प्रधान के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
दरअसल, संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में शामिल गांवों में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीण लंबे समय से समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, जल निकासी, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दिए जाने की मांग भी उन्होंने उठाई।
जिला अध्यक्ष प्रेम प्रधान ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों की स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से झालड़ा, जुनेदपुर, कनारसी सहित अन्य गांवों की समस्याओं को प्राधिकरण के समक्ष रखा गया है। संगठन ने इन क्षेत्रों में सड़क निर्माण एवं आवश्यक विकास कार्यों को गति देने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों ने दनकौर-सिकंदराबाद मार्ग तथा खेरली मोड़ से सिरसा तक सड़क के पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। संगठन का कहना है कि इन मार्गों की स्थिति में सुधार होने से आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान होता है तो इससे गांवों में रहने वाली बड़ी आबादी को सीधे लाभ मिलेगा।
प्रदर्शन में बलराज हूण, ब्रह्मपाल कपासिया, रिंकू बैसला, कृष्ण नागर, ओमकार प्रधान, प्रीतपाल राठी, धर्मेंद्र भाटी, रोहताश नागर, बिजेंद्र नागर, मोहित कपासिया, कुलवीर भाटी, बबलू भाटी, अजय भाटी, नरेश मुखिया, अनिल नागर, जीतन नागर, विपिन बैसला और हिमांशु कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
