संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से नवप्रवेशित इंजीनियरिंग एवं एमसीए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘नवांकुर 2026–ओरिएंटेशन कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में किया गया। ‘नई शुरुआत, नई आकांक्षाएं’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में 1,500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दरअसल, कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान, नवाचार, उद्योग जगत, नेतृत्व, खेल, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास के अवसरों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का भारत युवाओं के लिए अवसरों से भरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नौकरी पाने तक सीमित न रहते हुए नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाला बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में इसरो वैज्ञानिक एवं चंद्रयान-3 के परियोजना प्रबंधक अभिषेक सिंह ने अंतरिक्ष मिशन और वैज्ञानिक सोच से जुड़े अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने खेल और डिजिटल मीडिया से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इसके अलावा ईवाई के महेश नारायण, ऑटोरेबिट के संकेत रामकृष्णमूर्ति और अभिनेता-कवि दिनेश बावरा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और रंग भर दिया।
जीएनआईओटी ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता, निदेशक प्रो. (डॉ.) धीरज गुप्ता और सीईओ स्वदेश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संस्थान की 25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा, नैक ए प्लस मान्यता और एनबीए मान्यता की उपलब्धियों से भी परिचित कराया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य के संकल्प के साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा शुरू करने का संदेश दिया।
