दिवाली पर रोशनी से जगमगाएगा ग्रेटर नोएडा, सभी प्रवेश द्वार और गोलचक्कर होंगे रोशन

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। आगामी दिवाली पर ग्रेटर नोएडा के सभी प्रवेश द्वार और गोलचक्कर रोशनी से जगमगाएंगे। इसके लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिवाली से पहले स्ट्रीट लाइट लगाने और उन्हें चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के प्रमुख स्थानों के साथ विभिन्न गांवों और सेक्टरों में भी प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया।

दरअसल, बैठक में एसीईओ ने बादलपुर और अस्तौली में निर्माणाधीन 33 केवी सबस्टेशनों के कार्यों की समीक्षा की। इन दोनों बिजलीघरों के निर्माण की निर्धारित समयसीमा में छह माह शेष हैं, लेकिन एसीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर इन्हें निर्धारित समय से पहले पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

किसानों को आवंटित छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में बिजली संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए एसीईओ ने नवंबर तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। खैरपुर, खोदना खुर्द, पतवाड़ी, छोटी मिलक और इटैड़ा समेत कई गांवों में इन भूखंडों के क्षेत्र में बिजली के कार्य चल रहे हैं। तिलपता, कुलेसरा, छपरौला और खोदना खुर्द समेत 17 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है। एसीईओ ने निर्देश दिए कि दिवाली से पहले इन लाइटों को लगाकर चालू कर दिया जाए। इसके अलावा सेक्टर-2, सेक्टर-3 और सेक्टर-12 समेत अन्य सेक्टरों के पार्कों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा गया।

बैठक में ड्रेन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसीईओ ने प्रस्तावित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। बैठक में ड्रेन विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज कुमार सचान, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, अश्विनी चतुर्वेदी, सौरभ भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पढ़ें  सड़क पर फेका कूड़ा, प्राधिकरण ने कूड़े से ढूढे सबूत, फेंकने वाले पर 1.30 लाख का जुर्माना
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment