हैबतपुर के डूब क्षेत्र व चिपियाना खुर्द में भी चला ग्रेनो प्राधिकरण का बुल्डोजर, 9000 वर्ग मीटर जमीन से अतिक्रमण को किया

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई जारी है। प्राधिकरण की तरफ से शुक्रवार को हैबतपर के डूब एरिया में बने शिवम एंक्लेव में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया और लगभग 7000 वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। विगत 16 दिनों में यह ग्रेनो प्राधिकरण की तरफ से अतिक्रमण के खिलाफ छठवीं बड़ी कार्रवाई है। प्राधिकरण के इस अभियान से अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों को टेंशन बढ़ा दी है। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने भी चेताया है कि अधिसूचित एरिया में बिना अनुमति या फिर नक्शा पास कराए बिना निर्माण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।एसीईओ ने साफ कहा है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना निर्माण करना अवैध है। उन्होंने जनमानस से अपील की है कि कालोनाइजरों के चंगुल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।

परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने शुक्रवार को हुई कार्रवाई के बारे में बताया कि एनजीटी के निर्देश पर ग्राम हैबतपुर के खसरा संख्या –209, 210 और 212 की लगभग 7000 वर्ग मीटर जमीन पर बने शिवम एंक्लेव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल एक के प्रभारी प्रभात शंकर के नेतृत्व में प्रबंधक , सहायक प्रबंधक, टैक्निकल सुपरवाइजर, सुपरवाइजर की टीम ने तीन जेसीबी, तीन डंफर, प्राधिकरण का पुलिस बल के सहयोग से यह कार्रवाई की। इस जमीन पर अवैध बॉउंड्री वॉल, मकान का निर्माण किया जा रहा था। कालोनाइजरों ने सीवर लाइन भी डाल रहे थे। प्राधिकरण ने इसे ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा ग्राम चिपियाना खुर्द के खसरा नंबर -59 में लगभग 2000 वर्गमीटर में अवैध रूप से बने मकान, बाउंड्री वाल को तोड़ दिया गया है। बता दें, कि प्राधिकरण की तरफ से विगत 16 दिन में 6 जगहों पर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है। विगत 20 जनवरी को भनौता में 11340 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया है। इसी तरह 28 जनवरी को हैबतपुर में 6000 वर्ग मीटर, 04 फरवरी को भनौता में 10 हजार वर्ग मीटर और बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर में 18 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। वहीं, 29 जनवरी को खेड़ा चौगानपुर में 8 टॉवरों के 100 से अधिक फ्लैटों को सील किया गया है।

पढ़ें  सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों की अनदेखी पर आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी पर ₹25,200 का जुर्माना
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment