संचार नाउ | ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को वेस्ट मैनेजमेंट नियमों की अनदेखी करने वाली सोसायटी पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सेक्टर-4 स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी का निरीक्षण किया, जहां सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल-2016 का पालन नहीं किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान सोसाइटी परिसर में जगह-जगह गार्बेज फैला मिला।
दरअसल, आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी के निरीक्षण में गंभीर लापरवाही सामने आने पर प्राधिकरण ने सोसाइटी पर ₹25,200 का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) और सोसाइटी के मेंटेनेंस स्टाफ को चेतावनी दी गई कि वे बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करें।
एसीईओ ने जताई कड़ी नाराज़गी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को लापरवाही पर फटकार लगाई। उन्होंने साफ कहा कि विभागीय अधिकारी नियमित रूप से बल्क वेस्ट जेनरेटरों का निरीक्षण करें, और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तुरंत जुर्माना लगाएं। एसीईओ ने चेतावनी दी कि अगर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निगरानी में ढिलाई बरती, तो उन पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
अपील और चेतावनी
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बल्क वेस्ट जनरेटरों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि सोसाइटी परिसर या सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी मिलने पर कोई रियायत नहीं दी जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि प्राधिकरण कूड़ा प्रबंधन नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई करेगा। प्राधिकरण का यह कदम साफ संकेत देता है कि ग्रेटर नोएडा में स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
