भाजपा ने दरवाजा बंद किया तो सोचेंगे, सपा नेता से मिलने के बाद बदलने लगे संजय निषाद के तेवर

Sanchar Now
3 Min Read

NDA के सहयोगी दल निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद हाल ही में सपा नेता माता प्रसाद पांडे से मिले थे. यूपी चुनावों से पहले इस मुलाकात ने सपा के साथ गठबंधन की अटकलें बढ़ा दी थीं. इस बीच संजय निषाद ने खुद सारी स्थिति साफ कर दी है.

बात करते हुए संजय निषाद ने माता प्रसाद पांडे से मुलाकात पर सफाई दी. सपा के साथ गठबंधन की संभावना को लेकर उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी अपने दरवाजे बंद करती है, तो वो इस बारे में सोच सकते हैं.

संजय निषाद ने कहा, ‘माता प्रसाद पांडे मेरे पुराने साथी और मार्गदर्शक रहे हैं. उनकी तबीयत खराब थी, इसलिए मैं शिष्टाचार के नाते उनसे मिलने गया था. जब दो बड़े नेता मिलते हैं तो स्वाभाविक रूप से बातचीत होती है. इस दौरान विनोद साहनी की हत्या के मुद्दे पर भी चर्चा हुई.’

‘अगर बीजेपी अपने दरवाजे बंद करेगी तो…’

आगामी यूपी चुनावों में सपा के साथ गठबंधन की अटकलों पर भी संजय निषाद ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, ‘जब समाजवादी पार्टी ने अपने दरवाजे बंद किए थे, तब मैं बीजेपी के साथ आया था. अब अगर बीजेपी अपने दरवाजे बंद करेगी, तो हमें भी आगे के बारे में सोचना पड़ेगा. हम उसी के साथ रहेंगे जो निषाद समाज के मुद्दों को हल करेगा और सरकार से जुड़े मामलों को सुलझाने में हमारी मदद करेगा.’

‘2024 में निषादों की अनदेखी से हुआ नुकसान’

2024 के लोकसभा चुनाव नतीजों का जिक्र करते हुए संजय निषाद ने बीजेपी को नसीहत भी दी. उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में बीजेपी ने निषाद समाज के मुद्दों पर चर्चा नहीं की, जिसका खामियाजा हार की शक्ल में भुगतना पड़ा. वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में इन मुद्दों पर बात हुई थी और गठबंधन को शानदार जीत मिली थी.

पढ़ें  गाजियाबाद में सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर, दूसरा साथी फरार

संजय निषाद ने बताया कि उनकी बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह से भी बातचीत हुई है, जहां उन्होंने अपनी मांगें रख दी हैं. आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे पर बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘पिछली बार हमें 16 सीटें मिली थीं. इस बार हम उससे ज्यादा सीटों की उम्मीद कर रहे हैं. जिन सीटों पर बीजेपी पिछली बार हार गई थी, वहां हम मेहनत करके हर हाल में जीतेंगे.’

संजय निषाद ने ये भी दावा किया कि उनके बीजेपी के साथ आने के बाद से पार्टी ने लगातार कई राज्यों में जीत दर्ज की है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment