पिथौरागढ़: भारत के पड़ोसी देश नेपाल के साथ आज सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्तों की एक नई कड़ी जुड़ी. अपने भारत दौरे के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिलकर दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से दोनों देशों के बीच जरूरी कनेक्टिविटी और एनर्जी प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने मिलकर भारत और नेपाल देश के बॉर्डर पर मौजूद उत्तराखंड राज्य के धारचूला और नेपाल की दार्चुला सीमा पर काली नदी पर बनकर तैयार छारछुम अंतरराष्ट्रीय मोटर पुल का संयुक्त रूप से वर्चुअल लोकार्पण किया. इस पुल के साथ चंपावत के बनबसा क्षेत्र में निर्मित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का भी लोकार्पण किया गया. इन लोकार्पण से भारत-नेपाल के बीच व्यापार, परिवहन और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी.
करीब 33 करोड़ रुपए की लागत से छारछुम मोटर पुल का निर्माण किया गया है. काली नदी पर बने इस पुल के जरिए दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन के लिए एक नई कनेक्टिविटी मिलेगी. पुल से व्यापारिक गतिविधियों के साथ ही स्थानीय लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी.
पुल से फायदा: इस पुल के शुरू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को करीब 200 किलोमीटर के अतिरिक्त सफर से राहत मिलने की उम्मीद है. कई यात्रियों और व्यापारियों को बनबसा के रास्ते करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था. 33 करोड़ रुपये की लागत से काली नदी पर बना मोटर पुल के चालू होने से धारचूला, बलुवाकोट और आसपास के भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों का नेपाल के दार्चुला और सुदूरपश्चिम प्रदेश से सीधा सड़क संपर्क स्थापित होगा. इससे लोगों का समय और परिवहन खर्च दोनों बचेंगे.
110 मीटर लंबा और 10.5 मीटर चौड़ा है पुल: काली नदी पर बने इस मोटर पुल की लंबाई करीब 110 मीटर और चौड़ाई 10.5 मीटर है. इसमें 7.5 मीटर चौड़ा सड़क मार्ग बनाया गया है. भारत सरकार की वित्तीय सहायता से लोक निर्माण विभाग ने इसका निर्माण कराया है. परियोजना को जनवरी 2022 में केंद्र सरकार से मंजूरी मिली थी. इसके बाद 1 फरवरी 2022 को भारत और नेपाल के बीच पुल निर्माण को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए. 19 सितंबर 2022 को दोनों देशों की ओर से एक साथ परियोजना का शिलान्यास किया गया था. निर्माण कार्य अगस्त 2022 में शुरू हुआ और वर्ष 2024 में पुल का मुख्य ढांचा तैयार हो गया था.
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: इस पुल के लोकार्पण को सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सड़क संपर्क बेहतर होने से भारत और नेपाल के बीच स्थानीय उत्पादों, कृषि उपज और अन्य व्यापारिक वस्तुओं की आवाजाही आसान होगी. नेपाल के सुदूरपश्चिम क्षेत्र के व्यापारियों को भारतीय बाजारों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी. वहीं भारतीय व्यापारियों के लिए भी नेपाल के बाजारों तक पहुंचना आसान होगा.
दूसरा मोटर पुल: उत्तराखंड में भारत-नेपाल सीमा पर बनबसा के बाद यह दूसरा महत्वपूर्ण मोटर पुल है. सामरिक और आर्थिक दृष्टि से भी यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है. छारछुम मैत्री पुल केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच सहयोग, विश्वास और मित्रता का नया प्रतीक बनकर उभरा है.
धारचूला और दार्चुला के बीच बनेगा सीधा सड़क संपर्क: करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह पुल भारत के उत्तराखंड स्थित पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के छारछुम को नेपाल के दार्चुला जिले की महाकाली नगरपालिका के असिगड़ा क्षेत्र से जोड़ता है. अब तक इस क्षेत्र के लोगों को सड़क मार्ग से एक-दूसरे के यहां पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था. कई यात्रियों और व्यापारियों को बनबसा के रास्ते करीब 200 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था.
इस मौके पर नेपाली पीएम बालेन शाह ने कहा कि, आज हमने उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचूला में एक रोड ब्रिज का उद्घाटन किया है और बनबसा में एक इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की नींव रखी है. इसके अलावा, हम नेपाली साइड में दोधारा चंदानी में इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के डेवलपमेंट में तेजी लाएंगे. इन कोशिशों से उत्तराखंड और नेपाल के बीच ट्रेड और लोगों का आना-जाना और आसान हो जाएगा.
भारत-नेपाल के रिश्ते साझे इतिहास, आस्था, संस्कृति और लोगों के बीच गहरे रिश्तों से बुने हुए हैं. भगवान राम और देवी सीता हमारी साझी सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं.
-बालेन शाह, नेपाल प्रधानमंत्री-
वहीं इस मौके पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में हाल ही में अचानक आई बाढ़ में मारे गए लोगों के लिए अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की.
नेपाल के पीएम के स्वागत में उत्तराखंड का पारंपरिक तांदी नृत्य प्रस्तुत किया गया. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के स्वागत में पारंपरिक लोक नृत्य पेश करने वाली टीम के एक सदस्य ने कहा कि-
आज हमने जो नृत्य किया वह उत्तराखंड का एक असली लोक नृत्य था जिसे तांदी कहा जाता है. इसे जौनसारी गीत और नृत्य के रूप में भी जाना जाता है. हम बालेंद्र शाह से मिलकर बहुत खुश हैं और उनके सामने यह प्रदर्शन करके बहुत खुश हैं.
-मंथन नेगी, तांदी नृत्य कलाकार-
