भारत ने पाकिस्तान को फिर हराया, शानदार जीत से किया वर्ल्ड कप का आगाज

Sanchar Now
3 Min Read

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के परखच्चे उड़ा दिए। भारत ने बर्मिंघम के मैदान पर 170/6 का स्कोर खड़ा करने के बाद पाकिस्तान को 64 रनों से धूल चटाई। पाकिस्तान टीम 17 ओवर में 106 रनों पर सिमटी। दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में 10 रन खर्च किए और पांच विकेट अपने नाम किए। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। श्री चरणी ने तीन शिकार किए। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान को सातवीं बार हराया है। हालांकि, भारत ने इस बार पाकिस्तान को दर्दनाक हार दी है। भारत ने पहली मर्तबा पाकिस्तान को महिला टी20 वर्ल्ड कप में 50 प्लस रनों से रौंदा।

भारत ने दर्ज की पांचवीं सबसे बड़ी जीत

भारत ने पाकिस्तान को रौंदकर महिला टी20 वर्ल्ड कप में रनों के लिहाज से अपनी पांचवीं सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। वहीं, पाकिस्तान टीम ने टूर्नामेंट में अपनी चौथी सबसे बड़ी हार का साामना किया। भारत ने रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत 2024 में श्रीलंका के खिलाफ हासिल की थी। भारत ने तब श्रीलंका को 82 रनों से मात दी। भारत ने 2014 में बांग्लादेश को 79 और 2016 में 71 रनों से हराया। भारत ने 2010 में श्रीलंका के सामने 71 रनों से विजयी परचम फहराया था। महिला टी20 वर्ल्ड कप में ओवरऑल रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड इंग्लैंड टीम के नाम है। इंग्लैंड ने 2023 में आयोजित टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 114 रनों से हार थमाई थी।

पढ़ें  ODI वर्ल्ड कप में खेला गया टी20 मैच, दक्षिण अफ्रीका ने मचाई सनसनी; श्रीलंका को रौंद लगाया जीत का चौका

महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीत

82 रन बनाम श्रीलंका, दुबई, 2024

79 रन बनाम बांग्लादेश, सिलहट, 2014

72 रन बनाम बांग्लादेश, बेंगलुरु, 2016

71 रन बनाम श्रीलंका, बैसेटेरे, 2010

64 रन बनाम पाकिस्तान, बर्मिंघम, 2026

भारतीय टीम ने की थी खराब शुरुआत

मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पावरप्ले में एक विकेट पर 52 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की। उसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। पाकिस्तान की आधी टीम 77 रनों तक पवेलियन लौट गई। सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली (41) ने पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक रन बनाए। उनके अलावा कोई अन्य प्लेयर 20 रन के आंकड़े भी नहीं छू सकी। इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत की थी और 18 रन तक दो विकेट गंवा दिए। हालांकि, स्मृति मंधाना ने बखूबी मोर्चा संभाला। उन्होंने 44 गेंदों में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रन जुटाए। ऋचा घोष ने आखिर में आतिशी तेवर दिखाते हुए 17 गेंदों पर 34 रन बटोरे और भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment