आगरा। पुलिस-प्रशासन घुसपैठियों की तलाश करे और फर्जी दस्तावेज से आवास व अन्य सुविधाओं का लाभ लेने वालों के खिलाफ अभियान चलाए। ये निर्देश रविवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए।
डिप्टी सीएम ने थाना, ब्लॉक, तहसील स्तर पर प्राप्त जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण और फरियादियों से अच्छा व्यवहार करने की नसीहत दी। कहा कि थाने में आने वाले हर फरियादी की सुनवाई करें। ग्रामीण क्षेत्रों में आवास विहीन लोगों को चिह्नित करें। साथ ही राशन, पेंशन, आयुष्मान का लाभ पात्रों को दिलाने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने बैठक में कहा कि गरीबों के हक पर डाका डालने वाले कोटेदारों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। सरकारी आवासों के आवंटन में भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, डीएम मनीष बंसल, सीडीओ प्रतिभा सिंह आदि मौजूद रहीं।
इससे पहले दोपहर करीब 12 बजे डिप्टी सीएम खेरिया हवाई अड्डे पर उतरे। जहां जनप्रतिनिधियों ने पुष्प भेंटकर स्वागत किया। सर्किट हाउस पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों संग बैठक की और जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लिया। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, मेयर हेमलता दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।
