संचार नाउ। यमुना सिटी के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने जा रही है। जापान की वैश्विक फूड प्रोसेसिंग कंपनी क्यूपी कॉर्पोरेशन ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में लगभग ₹200 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा है। कंपनी यहां 8 से 10 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक फूड प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करना चाहती है। इस संबंध में YEIDA के सीईओ आर.के. सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें अतिरिक्त सीईओ एसके भाटिया भी उपस्थित रहे। बैठक में क्यूपी कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी ने यीडा की औद्योगिक आधारभूत संरचना और निवेश संभावनाओं में गहरी रुचि दिखाई।
दरअसल, वर्ष 1919 में स्थापित क्यूपी कॉर्पोरेशन जापान की अग्रणी फूड प्रोसेसिंग कंपनी है, जो अपने एग-योल्क आधारित मेयोनीज़ और विशिष्ट ‘उमामी’ स्वाद के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। जापान में लगभग 60 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी रखने वाली यह कंपनी 79 से अधिक देशों में सक्रिय है। अमेरिका, थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया और चीन में इसके प्रमुख संयंत्र संचालित हैं।
कंपनी “मेक इन लोकल” रणनीति के तहत एशिया-प्रशांत क्षेत्र में स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना पर कार्य कर रही है। इसी रणनीति के तहत यमुना सिटी को अंतरराष्ट्रीय विस्तार के लिए एक रणनीतिक केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। सीईओ आरके सिंह ने कहा कि चर्चा सकारात्मक रही और कंपनी से विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत करने का अनुरोध किया गया है। प्रस्ताव मिलने के बाद प्राधिकरण बोर्ड और उद्योग विभाग से आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।
बैठक के बाद जापानी प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक पार्कों का स्थल निरीक्षण भी किया। यह संभावित निवेश क्षेत्र में रोजगार सृजन, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विस्तार और “मेक इन इंडिया” पहल को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
