क्लास में मैडम ने मुस्लिम छात्र को दूसरे बच्चों से लगवाए चांटे, राहुल गांधी ने बीजेपी पर साधा निशाना

Sanchar Now
3 Min Read

यूपी के मुजफ्फरनगर में एक शर्मनाक और झकझोरने वाला वीडिया सामने आया है। इस वीडियो में एक शिक्षिका क्लास के बाकी बच्चों से एक छात्र की पिटाई करा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद इसे सांप्रदायिक रूप भी दिया जा रहा है। एसएसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बीएसए से शनिवार तक रिपोर्ट तलब कर ली है। उधर, पीड़ित के पिता ने मामले में कोई भी कार्रवाई करने से इनकार करते हुए बच्चे का नाम स्कूल से कटवाने की बात कही है।

वायरल वीडियो के अनुसार मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर क्षेत्र के एक गांव में निजी स्कूल की शिक्षिका एक छात्र को कक्षा के अन्य बच्चों से पीटने के लिए कह रही है।  जिस बच्चे की पिटाई की जा रही है वह मुस्लिम बताया जा रहा है। महिला शिक्षिका धर्म विशेष को लेकर कुछ टिप्पणी भी करती नजर आ रही है। यह वीडियो शुक्रवार का ही बताया जा रहा है लेकिन हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

पिटाई से रोने लगा बच्चा

वायरल वीडियो में शिक्षिका ने पहले एक बच्चे से कहा…. इसे मारो… इसके बाद दूसरे बच्चे को बुलाया और जोर से मारने को कहा दूसरे छात्र के चांटा मारते ही मासूम रोने लगा। इस दौरान शिक्षिका किसी से बात करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी करती रही।

कुछ ही देर में करने लगा ट्रेंड

वीडियो को एक यूजर ने ट्वीटर पर मुजफ्फरनगर पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद रीट्वीट और कमेंट्स की झड़ी लग गई। कुछ ही घंटे में इसके हैसटैग भी चलने लगे और देखते-देखते वीडियो देश के टॉप ट्रेंडिंग की लिस्ट में शामिल हो गया।

पढ़ें  गोरखपुर से सपा प्रत्याशी काजल निषाद को आया हार्ट अटैक, लखनऊ रेफर

डीएम ने बीएसए से मांगी रिपोर्ट

वीडियो वायरल होते ही जिले के आलाअधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए। जिलाधिकारी अरविंद मल्लपा बंगारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से शनिवार तक पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर ली है। बीएसए शुभम शुक्ला ने शाहपुर ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी को जांच करने के लिए गांव भेजा है। एसएसपी संजीव सुमन ने थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

पीड़ित के पिता ने नहीं दी तहरीर

वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित छात्र के पिता ने कहा कि हम किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते। स्कूल प्रबंधन से बात हो गई है, वो हमारी फीस वापस कर रहे हैं, मैं बच्चे का नाम स्कूल से कटवा कर कहीं और लिखवा दूंगा।

सहारनपुर रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया, मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर क्षेत्र के स्कूल के एक प्रकरण की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से देर शाम मिली। तुरंत ही एसएसपी मुजफ्फरनगर से कहा गया है कि वह जांच कर उचित कार्रवाई करें।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment