मुकेश अंबानी ने बदरीनाथ और बाबा केदारनाथ में किए दर्शन, 10 करोड़ रुपये दान किए

Sanchar Now
2 Min Read

रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया और प्रख्यात उद्योगपति मुकेश अंबानी ने सोमवार को उत्तराखंड के पावन धामों में शीश नवाया। उन्होंने भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के दर पर विशेष पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ से मिली जानकारी के मुताबिक, उद्योगपति मुकेश अंबानी सोमवार सुबह सबसे पहले अलकनंदा तट पर स्थित श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे। यहां मंदिर समिति के पदाधिकारियों और मुख्य पुजारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और भगवान का विशेष प्रसाद एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

दोनों धामों की व्यवस्थाओं के लिए दिए 5-5 करोड़ रुपये

अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान मुकेश अंबानी ने बीकेटीसी को कुल 10 करोड़ रुपये की सहयोग राशि दान स्वरूप प्रदान की। उन्होंने मंदिर प्रबंधन को पांच-पांच करोड़ रुपये के दो अलग-अलग चेक सौंपे। इसमें से 5 करोड़ रुपये की राशि बदरीनाथ धाम और इतनी ही राशि (5 करोड़ रुपये) केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं व यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए दी गई है।

अंबानी परिवार की आस्था की सराहना

मुकेश अंबानी के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की सनातन संस्कृति और बाबा केदार व बदरीविशाल के प्रति गहरी निष्ठा है। वे हर साल की तरह इस बार भी दोनों धामों के विकास और प्रबंधन के लिए आगे आए हैं। इस पुनीत कार्य के लिए मंदिर समिति ने उनके प्रति दिल से आभार व्यक्त किया है।

इस पावन अवसर पर बदरीनाथ धाम में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, सदस्य धीरज मौनू पंचभैया, रजनीश भट्ट, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, पूर्व सदस्य भास्कर डिमरी और धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल समेत मंदिर प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने उद्योगपति मुकेश अंबानी का स्वागत कर उनकी सुखद यात्रा की मंगलकामना की।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment