राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भारतीय सिनेमा में कलात्मक, तकनीकी और रचनात्मक को सम्मानित करने वाले देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में गिने जाते हैं. जिसके 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को लेकर सरकार ने इसके वितरण समारोह की आधिकारिक घोषणा कर दी है.
इससे पहले 18 जुलाई 2026 को विजेताओं की सूची जारी की गई थी. हालांकि, इस बार समारोह को लेकर एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. जानकारी के अनुसार, 72 सालों के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह दिल्ली से बाहर गुजरात के केवड़िया शहर में आयोजित किया जाएगा. फिलहाल अधिकारियों ने इस बदलाव के पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है.
केवड़िया में होगा पुरस्कार समारोह आयोजित
गुजरात का केवड़िया शहर, जिसे अब एकता नगर के नाम से जाना जाता है. यहां भारत के लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 597 फीट सबसे ऊंची मूर्ति स्थापित है. जिसका उद्घाटन पीएम मोदी ने साल 2018 में किया था. 22 सितंबर को होने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2026 समारोह की मेजबानी इसी जगह पर होगी. इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को सम्मानित करेंगी.
1954 में हुई थी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की शुरुआत
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की शुरुआत साल 1954 में की गई थी. अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव और इंडियन पैनोरमा की तरह, इन पुरस्कारों का आयोजन 1974 (21वें संस्करण) से 2022 (68वें संस्करण) तक भारत सरकार के फिल्म महोत्सव निदेशालय (Directorate of Film Festivals) द्वारा किया जाता रहा. इसके बाद इन पुरस्कारों के संचालन की जिम्मेदारी नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) को सौंप दी गई.
इन सितारों को मिलेगा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘आर्टिकल 370′ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है, जबकि फिल्म की मुख्य अभिनेत्री यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान मिलेगा। वहीं मलयालम सुपरस्टार ममूटी और बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ में उनके शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया जाएगा. अभिनेता और फिल्म निर्माता रणदीप हुड्डा को उनकी फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलेगा.
‘कल्कि 2898 AD’ को मिला बड़ा सम्मान
तेलुगू साइंस-फिक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय मनोरंजक फिल्म का पुरस्कार दिया जाएगा. वहीं अरुण मथेश्वरन के निर्देशन में बनी और धनुष अभिनीत तमिल फिल्म ‘कैप्टन मिलर’ को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के सम्मान के लिए चुना गया है.
