महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा में नीट की छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. कोचिंग से घर लौटते समय अगवा हुई छात्रा को पुलिस ने 16 दिन बाद बरामद किया है. पीड़िता ने कार सवार दबंगों पर बंधक बनाकर गैंगरेप करने, नशीले इंजेक्शन देने और सिगरेट से दागने का रोंगटे खड़े करने वाला आरोप लगाया है. गंभीर हालत में छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बता दें कि पूरा मामला महोबा के एक गांव का बताया जा रहा है, जहां कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. मध्य प्रदेश की रहने वाली एक छात्रा महोबा शहर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी. बीते 30 अप्रैल को जब वह कोचिंग से घर लौट रही थी, तभी कार सवार दबंगों ने उसे जबरन अगवा कर लिया. पुलिस ने पूरे 16 दिन बाद छात्रा को बरामद तो कर लिया, लेकिन पीड़िता ने जो आपबीती सुनाई, वह रूह कंपा देने वाली है.
दरिंदों ने पार की हैवानियत
पीड़िता के मुताबिक, उसी के गांव के मोहित श्रीवास ने अपने साथी अंकित श्रीवास और हल्लू राजपूत सहित करीब आधा दर्जन आरोपियों के साथ लड़की पर हमला बोल दिया और उसे प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा. इस दौरान उसे हर दो घंटे में नशीले इंजेक्शन दिए गए और उसके साथ मोहित ने दुष्कर्म किया. विरोध करने पर दरिंदों ने उसे सिगरेट से दागा और चाकू से वार किए. लड़की के भाई की फोटो दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन मोहित ने शादी भी रचाई. अब पीड़िता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ और दोषियों को फांसी की मांग कर रही है. इस वीभत्स घटना के सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है. अस्पताल में इलाज करा रही पीड़िता दहशत से कांप रही है.
कई नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
घटना की गंभीरता को देखते हुए अब इस पर सियासत भी गरमा गई है. कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है. कांग्रेस के प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर पार्टी इस घटना पर नजर बनाए हुए है. वहीं कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी पीड़िता से फोन पर बात की है. कांग्रेस के प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को बेहतर इलाज देने की मांग की है. साथ ही ऐलान किया कि कांग्रेस का एक प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पीड़िता से मिलने महोबा पहुंचेगा.
फिलहाल गंभीर रूप से बीमार और डरी हुई छात्रा को पुलिस सुरक्षा में महोबा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी देखरेख में जुटी है. अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर गौतमचंद्र वर्मा ने बताया कि छात्रा की एमएलसी जांच कराई जा चुकी है. बहरहाल, इस मामले को लेकर शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया कि जांच कर साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है.
