नोएडा–ग्रेटर नोएडा के बीच जल्द खुलेगा नया वैकल्पिक मार्ग, हिंडन नदी पर बन रहा पुल अंतिम चरण की ओर

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यातायात को सुगम बनाने के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग को शीघ्र शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। नॉलेज पार्क थ्री से नोएडा के सेक्टर 146–147 को जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर बन रहे पुल और उससे जुड़े एप्रोच रोड के कार्य की मंगलवार को प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने मौके पर जाकर समीक्षा की। इस दौरान निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

दरअसल, नोएडा–ग्रेटर नोएडा के बीच बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा की तरफ लगभग एक किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड बनाई जा रही है, जिस पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आ रही है।

प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार ग्रेटर नोएडा की ओर एप्रोच रोड का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष निर्माण कार्य को अगले छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। महाप्रबंधक एके सिंह ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए वर्क सर्किल-5 की टीम को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

हिंडन नदी पर पुल का निर्माण ब्रिज कॉर्पोरेशन की निगरानी में किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पुल और दोनों ओर की एप्रोच रोड लगभग एक ही समय पर तैयार हो जाएंगी, जिससे इस मार्ग को तुरंत वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जा सकेगा।

पढ़ें  ग्रेनो प्राधिकरण ने भनौता में हटाया अतिक्रमण, 80 करोड़ कीमत की 40 हजार वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण को तोड़ा

इस वैकल्पिक मार्ग के शुरू होने से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खासतौर पर परी चौक पर लगने वाले जाम और वाहनों के दबाव में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। साथ ही नॉलेज पार्क, सेक्टर 146–147 और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment