29 साल की उम्र में निकोलस पूरन ने लिया अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास, लिखा भावुक नोट

Sanchar Now
3 Min Read

वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने महज 29 की उम्र में संन्यास लेकर पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया। पूरन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए संन्यास की खबर फैंस के साथ शेयर की। आपको बता दें कि पूरन वेस्टइंडीज की व्हाइट बॉल टीम का अहम हिस्सा थे। वेस्टइंडीज के लिए उन्होंने आखिरी वनडे मैच श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2023 में खेला था। वहीं आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर 2024 में खेला था।

इंस्टाग्राम पोस्ट में निकोलस पूरन ने क्या लिखा?

अपने संन्यास की खबर शेयर करते हुए निकोलस पूरन ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। पूरन कुछ समय पहले तक टी20 अंतरराष्ट्रीय में वेस्टइंडीज के कप्तान थे, लेकिन अगले टी20 वर्ल्ड कप से पहले उन्होंने रिटायरमेंट का ऐलान करके सभी को हैरान कर दिया। उनके संन्यास लेने से जाहिर तौर पर वेस्टइंडीज की टीम को एक बड़ा झटका लगा होगा।

पूरन ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि यह खेल जिससे वह प्यार करते हैं, उसने उन्हें बहुत कुछ दिया है और देता रहेगा। खुशी, उद्देश्य, अविस्मरणीय यादें और वेस्टइंडीज टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका। मैरून रंग की जर्सी पहनना, राष्ट्रगान के लिए खड़ा होना और हर बार मैदान पर कदम रखते ही अपना सबकुछ देना…शब्दों में बयां करना मुश्किल है कि यह उनके लिए वास्तव में क्या मायने रखता है। कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करना एक ऐसा सम्मान है, जिसे वह हमेशा अपने दिल के करीब रखेंगे।

पढ़ें  पंत की बहादुरी, पुजारा के धैर्य से भारत ने खत्म किया 70 साल का सूखा, तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का घमंड

इंटरनेशनल क्रिकेट में निकोलस पूरन के आंकड़े

निकोलस पूरन के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए 61 वनडे और 106 टी-20 मैच खेले। 61 वनडे मैचों में उन्होंने 39.66 के औसत और 99.15 के स्ट्राइक रेट से 1983 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उन्होंने 11 अर्धशतक और 3 शतक लगाए। वहीं टी-20 इंटरनेशनल की बात करें तो वहां उन्होंने 106 मैचों की 97 पारियों में 136.39 के स्ट्राइक रेट से 2275 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 13 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली। पूरन को अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान कभी भी टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब वह दुनिया भर के टी-20 लीग में खेलते हुए नजर आएंगे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment