यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन आज, इन दिग्गजों का नाम रेस में सबसे आगे

Sanchar Now
3 Min Read

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का प्रदेश अध्यक्ष चुनाव इस शनिवार और रविवार को संपन्न होने जा रहा है। चुनाव से पहले शुक्रवार को मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें कुल 464 मतदाता शामिल हैं। इन मतदाताओं में पांच सांसद, 26 विधायक, आठ विधान परिषद सदस्य और 425 प्रांतीय परिषद सदस्य व जिला अध्यक्ष शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े करेंगे।

नामांकन प्रक्रिया और समय सारिणी

नामांकन दाखिल करने के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष की रेस की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। शनिवार, 13 दिसंबर को दोपहर 2 से 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3 से 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और शाम 4 से 5 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। यह सभी गतिविधियाँ भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित होंगी।

यदि आवश्यक हुआ तो रविवार, 14 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान और घोषणा डा. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर के डॉ. आंबेडकर सभागार में होगी। केंद्रीय चुनाव अधिकारी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल इसी दिन नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा करेंगे।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुनिश्चित किया कि पूरी प्रक्रिया पार्टी संविधान और निर्देशों के अनुसार समयबद्ध तरीके से सम्पन्न होगी।

संभावित चेहरे और राजनीतिक रणनीति

भाजपा आगामी पंचायत चुनाव और 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में ओबीसी चेहरे को मौका दे सकती है। इसे विपक्ष के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले का मुकाबला करने के तौर पर देखा जा रहा है।

पढ़ें  यूपी में योगी सरकार का बड़ा फैसला, सोशल मीडिया इंफ्ल्यूसर को देगी पैसा; बस करना होगा ये काम

प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में प्रमुख नामों में महाराजगंज के सांसद और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी शामिल हैं। कुर्मी समुदाय से आने वाले पंकज सात बार सांसद रह चुके हैं और गोरखपुर के हैं, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का क्षेत्र भी है।

केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा (लोध समुदाय) का भी नाम चर्चा में है। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्य और साध्वी निरंजन ज्योति के नाम भी सामने आ रहे हैं। दलित समुदाय के चेहरे में विनोद सोनकर, विद्या सागर सोनकर और जुगल किशोर को संभावित माना जा रहा है।

उप-मुख्यमंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारियाँ

राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने दोनों उपमुख्यमंत्रियों – केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को चुनाव प्रबंधन में विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। शनिवार को नामांकन व्यवस्था की जिम्मेदारी केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश महामंत्री संजय राय संभालेंगे।
रविवार को मतदान एवं कार्यक्रम की व्यवस्था ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला देखेंगे। इस दिन केंद्रीय और प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष सहित लगभग 3500 पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। भाजपा इसे एक मेगा इवेंट के रूप में आयोजित करने की तैयारी में है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment