यूपी की वोटर लिस्ट में एक लाख डुप्लीकेट नाम! 2027 चुनाव से पहले सपा का बड़ा दावा

Sanchar Now
3 Min Read

समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश की मसौदा मतदाता सूची में करीब एक लाख डुप्लीकेट वोटरों की पहचान करने का दावा किया है। पार्टी ने सोमवार को इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा को ज्ञापन सौंपा। सपा ने मांग की है कि डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने पर घोषित नकद पुरस्कार की पूरी राशि उसे दी जाए।

पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की जानकारी दी है। प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति सदस्य डॉ. हरिश्चंद्र सिंह, राधेश्याम सिंह द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि समाजवादी पार्टी ने 403 विधान सभा सीटों के 1 लाख 73 हजार 730 पोलिंग बूथों पर मतदाता सूची में दर्ज 13 करोड, 58 लाख, 68 हजार, 905 मतदाताओं के एक-एक नाम की जांच और पड़ताल की है। इसी में उसे एक लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के बारे में जानकारी मिली है। ज्ञापन में कहा गया है कि 17 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल मतदाता सूची का सत्यापन कराये जाने पर समान नाम, रिलेटिव का नाम समान, पता समान, आयु समान, सभी विवरण समान तथा सभी के इपिक नम्बर अलग-अलग दर्ज पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में कई स्थानों पर अलग-अलग बडी संख्या में दर्ज पाए गए हैं।

ईमेल पर भेजा गया वोटरों का डिटेल

पार्टी के अनुसार, इन मतदाताओं के नाम, मतदाता क्रमांक, मतदान केंद्र संख्या और विधानसभा और जिलावार विवरण मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ईमेल के माध्यम से भेज दिए गए हैं। ज्ञापन में सपा ने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने 11 नवंबर को डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने वाले राजनीतिक दलों और व्यक्तियों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी। पार्टी का दावा है कि उसने सबसे पहले ऐसे मतदाताओं की पहचान कर सूची निर्वाचन अधिकारियों को सौंपी है। इसलिए घोषित पुरस्कार की पूरी राशि उसे दी जानी चाहिए।

पढ़ें  अमेठी: चलती ट्रेन में खूनी खेल, सीट पर बैठने को लेकर चाकू से हमला, एक की मौत

विषंगतियों को दूर करने की मांग

सपा ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूचियों की व्यापक जांच कराने और उनमें मौजूद विसंगतियों को दूर करने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने की मांग भी की है। पार्टी का कहना है कि इससे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव पारदर्शी, निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराए जा सकेंगे। बयान के मुताबिक, सपा नेताओं केके श्रीवास्तव, हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment