रामपुर में पुलिस ने नहीं सुनी फरियाद, दुष्कर्म पीड़िता ने जहर खाकर दे दी जान

Sanchar Now
2 Min Read

मसवासी। रामपुर क्षेत्र में पुलिस ने नहीं सुनी तब दुष्कर्म पीड़िता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भिजवाया है। घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

बीते मंगलवार को पुलिस को दी थी नामजद तहरीर

मामला चौकी क्षेत्र के गांव बिजारखाता का है। इस गांव की निवासी विधवा शबीना पत्नी शफी जान मियां ने बीते मंगलवार को पुलिस को नामजद तहरीर देकर अपने पड़ोसी फाजिल पुत्र गुलाम मोहम्मद पर सीढ़ी लगाकर घर में घुसने के बाद तमंचे के बल पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप‌ लगाते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की थी।

आरोप लगाया था कि फाजिल ने वीडियो भी बना ली थी और पुलिस से शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी। आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की और पीड़िता को टरका दिया। जिससे क्षुब्ध होकर पीड़िता ने गुरुवार की सुबह जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

आरोपी परिजनों सहित घर से फरार हो गया 

महिला की मौत की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे स्वार कोतवाल अजय कुमार मिश्रा व चौकी प्रभारी अजय शर्मा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भिजवाया है। मामले की जांच को पहुंचे एएसपी संसार सिंह ने मृतका के परिजनों से जानकारी हासिल की।

उधर, महिला की मौत के बाद आरोपी परिजनों सहित घर से फरार हो गया। घर पर मिली आरोपी की मां को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के भाई इसबे अली की ओर से बिजारखाता गांव निवासी आरोपी फाजिल व उसकी पत्नी शबाना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। एएसपी संसार सिंह ने कहा है कि शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार किया जायेगा।

पढ़ें  यमुना में IGL गैस पाइपलाइन फटी, पानी के फव्वारे 40 फीट तक उठे, अलर्ट जारी
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment