आतंकी रिजवान का प्रयागराज कनेक्शन! आजमगढ़ में है घर, सपा नेता के यहां भी हो रही है छापेमारी

Sanchar Now
4 Min Read

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चार दिन पहले पकड़े गए संदिग्ध आतंकी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल संदिग्ध आतंकी रिजवान अशरफ का उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से कनेक्शन का पता चला है. जिसके बाद जांच एजेंसियां इसकी जांच करने प्रयागराज पहुंची हैं. जानकारी के अनुसार जांच एजेंसियां नैनी इलाके में कई जगहों पर छापेमारी कर रही हैं. इस संबंध में समाजवादी पार्टी के नेता मोहम्मद शारिक के यहां भी छापेमारी हो रही है.

मोहम्मद शारिक समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में प्रदेश सचिव रह चुका है. आरोप है कि संदिग्ध आतंकी रिजवान का सपा नेता शारिक के परिवार से बेहद करीबी रिश्ता रहा है. शारिक के चचेरे भाई हसन से रिजवान की गहरी दोस्ती है. दोनों के बीच हुई कुछ संदिग्ध बातचीत के आधार पर जांच एजेंसियां छापेमारी कर रही हैं. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और यूपी एटीएस की टीम छापेमारी कर रही है.

प्रयागराज पुलिस कर रही मदद

छापेमारी की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए प्रयागराज पुलिस की भी मदद ली गई है. आजमगढ़ के रहने वाले रिजवान अशरफ को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार दिन पहले गिरफ्तार किया था. रिजवान की गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लखनऊ से की थी. सूत्रों का दावा है कि रिजवान अशरफ ने जांच एजेंसी को दिए गए बयान में तमाम चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. आतंकी रिजवान ने प्रयागराज के नैनी के चकदोदी में भी अपना ठिकाना बनाया था.

सपा नेता शारिक से आतंकी मोहम्मद रिजवान के संबंध

मिल रही जानकारी के अनुसार आतंकी मोहम्मद रिजवान पढ़ाई के बाद काफी दिनों तक प्रयागराज के नैनी में रहा है. सूत्रों के मुताबिक सपा नेता शारिक के घर में संदिग्ध आतंकी मोहम्मद रिजवान अक्सर आता जाता रहता था. वह इसी इलाके में कमरा लेकर रहता था. बीटेक के बाद वह अपने मंसूबे को पूरा करने के लिए प्रयागराज आया था. यहां वह धर्मगुरु बनकर आईएसआईएस के लिए काम कर रहा था. बताया जा रहा है कि प्रयागराज में ही वह इंजीनियर रिजवान से मौलाना रिजवान बन गया था.

पढ़ें  यूपी में 22 जनवरी को मांस-मछली की बिक्री पर रोक, प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर आदेश जारी

रिजवान ने प्रयागराज में की थी शादी

मोहम्मद रिजवान की करतूत सामने आने के बाद जिले की खुफिया एजेंसी अलर्ट हो गई थी. सूत्रों के मुताबिक रिजवान ने प्रयागराज में ही शादी भी की थी. बच्चे होने के बाद वह प्रयागराज से लखनऊ शिफ्ट हो गया था. जांच एजेंसियों को जानकारी मिली है कि उसने यहां बैंक अकाउंट भी खोला था. रिजवान के बैंक खातों की भी डिटेल खंगाली जा रही है. इससे इस बात का पता लगाया जा रहा है कि उसे कहां से फंडिंग हो रही थी.

फिलहाल इस बात की भी जांच हो रही है कि बीटेक करने के बाद उसने नौकरी क्यों नहीं की और प्रयागराज जाकर धर्मगुरु कैसे बन गया. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक दिल्ली में पकड़ा गया मोहम्मद रिजवान अशरफ का सऊदी अरब में जन्म हुआ था. उसके पिता मोहम्मद नजीब अशरफ सऊदी अरब में शिपिंग कंपनी में क्लर्क थे. जबकि मोहम्मद रिजवान की मां घरेलू महिला थी. रिजवान की प्रारंभिक शिक्षा फतेहपुर सिटी, जामिया तुल फलाह आजमगढ़ में हुई थी.

आईटी में बीटेक कर बना धर्मगुरु

बताया जा रहा है कि 2017 में मोहम्मद रिजवान ने गाजियाबाद के एक कॉलेज से आईटी में बीटेक किया था. उसने प्रयागराज में आकर निकाह कर लिया और धर्मगुरु बनकर उसने अपने नापाक इरादों को पूरा करना शुरू किया. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और यूपी एटीएस की छापेमारी के दौरान प्रयागराज की पुलिस भी मौजूद है. रिजवान अशरफ के साथ दो अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी दूसरी जगहों से हुई थी.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment