संचार नाउ। अगस्त क्रांति 2026 के तहत जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते जलवायु एवं पर्यावरण प्रदूषण, नालों के निर्माण में कथित भ्रष्टाचार और गोपालपुर गांव में पुराने मकानों को अवैध निर्माण के नोटिस दिए जाने के विरोध में करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने यूपीसीडा कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन की कोर कमेटी के प्रमुख सदस्य प्रेमराज भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कासना स्थित यूपीसीडा कार्यालय पर नारेबाजी करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
दरअसल, संगठन के संस्थापक प्रवीण भारतीय और मास्टर दिनेश नागर ने आरोप लगाया कि जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले प्रदूषित पदार्थों और नालों की उचित व्यवस्था नहीं होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के पर्यावरण और जनजीवन पर असर पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने नालों के निर्माण में गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि विकास कार्यों में यदि मानकों की अनदेखी हो रही है तो इसकी निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, गोपालपुर गांव के पुराने मकानों को अवैध निर्माण बताते हुए जारी किए गए नोटिस का भी संगठन ने विरोध किया। प्रेमराज भाटी ने कहा कि वर्षों से मकानों में रह रहे ग्रामीणों के मामलों की पहले निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सभी वैधानिक दस्तावेजों और पुराने निर्माण की स्थिति की जांच किए बिना किसी परिवार को उजाड़ने की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
संगठन ने यूपीसीडा और संबंधित विभागों से प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण, नालों की गुणवत्ता की जांच और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की मांग की है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान प्रेम प्रधान, राकेश नागर, मलखान सिंह यादव, झम्मन सिंह, अजय भाटी, तेजवीर चौहान, यतेंद्र नागर, ब्रह्म प्रधान, शेर सिंह, नवाब सिंह नागर, जगन भाटी, सुभाष भाटी, धर्मपाल सिंह, रिंकू बैसला, सोनू भाटी, प्रवीन, मोहित अधाना, अब्दुल खान, जितेंद्र, महेश, मुकेश और कृष्णपाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
