जयपुर : राजस्थान राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड के नए अध्यक्ष की नियुक्ति हो गई है। राज्य सरकार ने देर रात को आदेश जारी करते हुए भारतीय सेना के रिटायर्ड मेजर जनरल आलोक राज को नया अध्यक्ष बनाया है। आलोक राज पहले ऐसे अध्यक्ष हैं जिन्हें भारतीय सेना से सेवानिवृत होने के बाद बोर्ड की जिम्मेदारी मिली है। अब तक ऐसे पदों पर रिटायर्ड आईएएस और आईपीएस या अन्य की नियुक्ति होती रही है
छवि के व्यक्ति की नियुक्ति अहम
सरकारी नौकरियों में भर्ती परीक्षाओं का संचालन करने वाली इस संस्था को बेदाग छवि के व्यक्ति की दरकार थी। प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी इसी बोर्ड की होती है। पूर्व में कई बार विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के पेपर लीक होने और नकल के प्रकरण सामने आते रहे हैं। प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित सत्ता पक्ष के कई विधायक और मंत्री भी ईमानदार व्यक्ति की नियुक्ती की मांग कर रहे थे। अब एक सेवानिवृत सैन्य अधिकारी की नियुक्ति से उम्मीद जताई जा रही है कि वे प्रतियोगिता परीक्षाओं का संचालन निष्पक्ष और निर्भिक होकर कर सकेंगे।
3 साल तक अध्यक्ष रहेंगे मेजर आलोक राज
आलोक राज भारतीय सेना में 37 वर्ष से अधिक समय तक सेवाएं दे चुके हैं। वे जून 1983 में सिख लाइट इन्फैंट्री की पहली बटालियन में कमीशन बने थे। इसके साथ ही उन्होंने UN सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में अंगोला में विदेशी मिशन के साथ भी काम किया है। अब वे राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के नए अध्यक्ष बन गए हैं। बुधवार 16 अगस्त की देर रात को राजस्थान सरकार ने आलोक राज की नियुक्ति का आदेश जारी किए। जॉइनिंग के साथ ही उनका कार्यकाल 3 साल तक का रहेगा।
हरिप्रसाद शर्मा ने गत दिनों दिया था इस्तीफा
बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने पिछले महीने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल इसी साल 7 अक्टूबर को पूरा होना था लेकिन उन्होंने 3 महीने पहले ही इस्तीफा दे दिया। हरिप्रसाद शर्मा राजनीति में आने की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे फुलेरा विधानसभा से चुनाव लड़ने के मूड में हैं। शर्मा कांग्रेस से टिकट की दावेदारी भी कर रहे हैं।