प्रयागराज में धरने पर बैठे संजय निषाद, सरकार से मांग- श्रृंगवेरपुर धाम किले के पास मस्जिद हटाएं

Sanchar Now
4 Min Read

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद सोमवार को श्रृंगवेरपुर धाम में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए. वह अपने समर्थकों के साथ जीटी रोड स्थित नेशनल हाईवे पर पहुंचे और वहीं प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया.बताया जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री किले के पास बनाई गई एक मस्जिद को हटाने की मांग कर रहे हैं. इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक पार्टी के झंडे लेकर धरने में शामिल रहे.

प्रयागराज जनपद में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के बाल सखा निषाद राज गुहा से जुड़े प्राचीन किला एवं श्रृंगवेरपुर धाम क्षेत्र में हो रहे अवैध कब्जे हटाने की मांग ने जाेर पकड़ लिया है. इसी कड़ी में प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद सोमवार को अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए. धरने के चलते हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

निषाद राज गुहा का प्राचीन किला और धाम

निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद श्रृंगवेरपुर धाम के पास स्थित जीटी रोड पर धरने पर बैठ गए. उन्हाेंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व का स्थल है. यहां निषाद राज गुहा का प्राचीन किला और धाम स्थित हैं. लेकिन इस क्षेत्र में लगातार अवैध कब्जे किए जा रहे हैं, जिन्हें हटाया जाना आवश्यक है. उन्होंने आरोप लगाया कि श्रृंगवेरपुर धाम क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल की गरिमा प्रभावित हो रही है.

पढ़ें  टॉयलेट में कैद मिलीं 40 लड़कियां, अवैध मदरसे में पड़ा छापा तो पुलिस भी रह गई दंग

सरकार और प्रशासन से की मांग

उन्होंने प्रदेश सरकार एवं प्रशासन से मांग की कि अवैध कब्जों को तत्काल हटाकर क्षेत्र को संरक्षित किया जाए. डॉ. संजय निषाद ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दाैरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. उल्लेखनीय है कि श्रृंगवेरपुर धाम को भगवान राम और निषाद राज गुहा की ऐतिहासिक मित्रता से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं.

श्रृंगवेरपुर धाम को पर्यटन सर्किट में शामिल

धरने के दौरान डॉ. संजय निषाद ने कहा कि प्रदेश सरकार ने श्रृंगवेरपुर धाम को पर्यटन सर्किट में शामिल किया है. यहां भगवान राम और निषाद राज की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है और एक भव्य पार्क का भी निर्माण कराया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्क और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं है, जिससे वह नाराज हैं. साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की. फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति को संभालने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि धरना जारी रहने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment