FIFA वर्ल्ड कप: राउंड ऑफ 16 का स्टेज तैयार, जानें किस टीम का कब होगा मुकाबला?

Sanchar Now
3 Min Read

नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। ग्रुप स्टेज और राउंड ऑफ 32 की चुनौतियों को पार करने के बाद अब केवल 16 टीमें खिताब की दौड़ में बची हैं। 4 जुलाई से राउंड ऑफ 16 की शुरुआत हो रही है। पहले दिन 2 मुकाबले खेले जाने वाले हैं। पहला मैच मेजबान कनाडा और मोरक्को के बीच होगा। जबकि दूसरे मुकाबले में पराग्वे का सामना फ्रांस से होगा। दोनों मैचों की विजेता टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी और हारने वाली टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा। आइए जानतें हैं कि भारत में आप इन मुकाबलों को कितने बजे से देख सकेंगे।

कनाडा बनाम मोरक्को (रात 10:30 बजे)

भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे होने वाले मुकाबले में कनाडा की भिड़त मोरक्को से होने वाली है। कनाडा ने राउंड ऑफ 32 में दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया था। उससे पहले टीम ने ग्रुप चरण में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉकआउट का टिकट हासिल किया। दूसरी ओर मोरक्को ने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया है। ग्रुप स्टेज में मजबूत प्रदर्शन के बाद उसने राउंड ऑफ 32 में नीदरलैंड्स के खिलाफ 1-1 की बराबरी के बाद पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से जीत दर्ज कर बड़ा उलटफेर किया। यह मैच ह्यूस्टन में खेला जाने वाला है।

पराग्वे बनाम फ्रांस (रात 2:30 बजे)

दूसरा मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 2:30 बजे खेला जाएगा। जिसमें पराग्वे की टक्कर फ्रांस से होगी। यह मैच फिलाडेल्फिया में खेला जाने वाला है। पराग्वे ने इस टूर्नामेंट में शानदार वापसी करते हुए पहले ग्रुप चरण से आगे का सफर तय किया और फिर राउंड ऑफ 32 में जर्मनी जैसी मजबूत टीम को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर सबसे बड़े उलटफेरों में से एक को अंजाम दिया। दूसरी ओर फ्रांस पूरे टूर्नामेंट में सबसे संतुलित टीमों में शामिल रहा है। ग्रुप स्टेज में दमदार प्रदर्शन के बाद उसने राउंड ऑफ 32 में स्वीडन को 3-0 से हराकर अपनी ताकत दिखाई। स्टार खिलाड़ियों से सजी फ्रांस की टीम इस मैच में जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment