गोंडा में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान पत्थरबाजी, आक्रोशित हुए लोग, छावनी में बदला इलाका

Sanchar Now
4 Min Read

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान जमकर बवाल हुआ। विजयादशमी के दिन शहर में प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच देर शाम विसर्जन के लिए निकली प्रतिमाओं पर पत्थरबाजी कर दी है। नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़गांव में नूरामल मंदिर से आगे तकिया मस्जिद और घोसियाना मोहल्ले के आसपास इस प्रकार की स्थिति बनी। पत्थरबाजी से बवाल शुरू हो गया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि, मामले की सूचना मिलते ही इलाके में पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती कर दी गई। पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। मामले में अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना आई है।

श्रद्धालुओं ने किया हंगामा

मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने मस्जिद के आसपास वाले दो और तीन मंजिला घरों से पत्थर फेंकने का आरोप लगाया। इसको लेकर विरोध प्रदर्शन और हंगामा शुरू कर दिया। कंट्रोल रूम को मामले की जानकारी मिली। पुलिस अधिकारियों तक संदेश पहुंचा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसपी विनीत जायसवाल खुद पहुंचे। उन्होंने माइक हाथ में लेकर हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

असामाजिक तत्वों पर आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सोनार गली मोहल्ले की दुर्गा प्रतिमा शहर से खैरा भवानी मंदिर के पोखरे में विसर्जन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। उस समय तक अंधेरा हो गया था। इस कारण पुलिस को हालात से निपटने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हुड़दंगियों को पुलिस जवानों ने खदेड़ दिया। इसके बाद रास्ते पर एकत्रित भीड़ को भी तितर-बितर कर दिया।

पढ़ें  बिना दूल्हे की हो गई 20 शादियां, उत्तर प्रदेश में हो गया खेला… सच जानकर अधिकारी रह गए हैरान

हालात नियंत्रण में का दावा

नगर कोतवाल मनोज पाठक का दावा है कि हालात पूरी तरह से नियंत्रण में है। कुछ गलतफहमी की वजह से विवाद जैसी स्थिति बन गई थी, लेकिन मौके पर पहुंचकर पुलिस अफसरों और जवानों ने स्थिति को संभाल लिया। रूट को डायवर्ट कर विसर्जन यात्रा को गंतव्य तक सही-सलामत पहुंचाया गया।

एसपी ने संभाला मोर्चा

एसपी विनीत जायसवाल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा कि शनिवार शाम को विसर्जन के लिए क्रम से मूर्तियां जा रही थीं। इसी दौरान भीड़ से किसी ने सूचना दिया कि उनके ऊपर कहीं से 2 पत्थर आकर गिरे हैं। इसके बाद भीड़ जुटने लगी। हालांकि, लोगों को समझा कर सभी मूर्तियों को विसर्जन स्थल तक ले जाया गया। उन्होंने बताया कि घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड घोसियाना की है।

एसपी कहा कि कि खैरा मंदिर तालाब में मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। बिजली आपूर्ति बाधित थी। इस कारण अंधेरा हो गया था। घोसियाना में पहुंचते ही पत्थर मारने के शोर से अफरा-तफरी मच गई। मूर्ति विसर्जन के लिए जुटी भीड़ आक्रोशित हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को किसी तरह संभाला।

एसपी ने कहा कि इसी बीच खुराफाती तत्वों ने सब्जियों के ठेले उलट दिए और पथराव किया। उन्होंने कहा कि पत्थर फेंकने वालों का पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पुलिस बलों की पर्याप्त तैनाती कर दी गई है। एसपी ने दावा किया कि स्थिति अभी पूरी तरह से नियंत्रण में है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment