IIT-BHU में दीवार खड़ी करने की सूचना पर छात्रों का विरोध, क्लास छोड़कर निकाला आक्रोश मार्च

Sanchar Now
4 Min Read

वाराणसी: आईआईटी बीएचयू में हुई छेड़छाड़ के बाद अब विश्वविद्यालय के विभाजन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इसकी तस्वीर विश्वविद्यालय में छात्रों के आंदोलन के रूप में देखी जा रही है. शुक्रवार से जहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में छात्र आंदोलन पर बैठे हैं तो वहीं दूसरी ओर परिसर के अन्य छात्रों का हुजूम भी इस आंदोलन में शामिल हो रहा है. इसके तहत शनिवार को सैकड़ों की संख्या में छात्र विश्वविद्यालय परिसर में संपर्क अभियान संचालित कर रहे हैं. साथ ही विभाजन के विरोध में कुलपति को चेतावनी भी दे रहे हैं. छात्रों ने बाउंड्रीवॉल के विरोध में 6 नवंबर को विश्वविद्यालय बंद का ऐलान किया है.

बता दें कि आईआईटी बीएचयू में छेड़छाड़ के बाद विश्वविद्यालय में दीवार खड़ी करने की बात सामने आई. इसके बाद से छात्रों ने आंदोलन शुरू कर दिया है. आज इसी के क्रम में छात्रों ने सम्पर्क अभियान निकाला. इसमें छात्र पूरे परिसर में घूम-घूम कर छात्रों को जोड़ने का काम कर रहे हैं और विश्वविद्यालय को यह चेतावनी दे रहे हैं कि सुरक्षा को मजबूत करने के लिए दीवार उठाना कोई मानक नहीं है. यह महामना के सपनों के खिलाफ है.

इस बारे में बीएचयू के शोध छात्रों ने बताया कि आईआईटी की घटना को दो दिन हो गए हैं. लेकिन, प्रशासन ने अभी तक उन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया. उन्होंने कहा कि सुरक्षा की आड़ में विश्वविद्यालय के विभाजन की राजनीति तैयार की जा रही है. यह विश्वविद्यालय महामना का विश्वविद्यालय है, उनके सपनों का विश्वविद्यालय है. इसका विभाजन कतई सही नहीं है.

पढ़ें  यूपी में ग्रामीण आजीविका से जुड़ीं 23 लाख महिलाएं, 111 करोड़ रुपये सीधे खातों में हुए ट्रांसफर

जिला प्रशासन का हस्तक्षेप नही होगा स्वीकार

जिला प्रशासन के हस्तक्षेप पर नाराजगी जताते हुए छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय के विभाजन में किसी कलेक्टर का अधिकार नहीं बनता कि वह आकर हमारे विश्वविद्यालय को दो टुकड़ों में बांटे. हमारी मांग है कि कुलपति सामने आकर विभाजन की स्थिति को स्पष्ट करें. यदि यह भ्रम की स्थिति है तो इसे दूर किया जाए और यदि यह सत्य है तो इसे तत्काल वापस लिया जाए. छात्रों ने कहा कि यदि यह स्थिति साफ नहीं होती तो विश्वविद्यालय में एक बड़ा आंदोलन होगा. इसकी जिम्मेदार विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन की होगी.

बाउंड्रीवॉल बनाने को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी

काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी में बाउंड्रीवॉल बनाने को लेकर छात्रों का उग्र प्रदर्शन जारी है. इसी बीच बाउंड्रीवॉल का विरोध कर रहे छात्रों ने 6 नवंबर को विश्वविद्यालय बंद का एलान कर दिया है. छात्र बंद की तैयारी को लेकर एकजुट हो गए हैं. इसके साथ ही छात्रों ने जनसम्पर्क अभियान चलाकर विभागों में छात्रों और प्रोफेसर से क्लास बंद करने का आह्वान किया है. बता दें कि छात्र बीएचयू सिंह द्वार पर धरने पर बैठे हैं. छात्रों का कहना है कि वो किसी भी कीमत पर बीएचयू का विभाजन नहीं होंगे देंगे. इसके लिए वे लगातार विरोध दर्ज कराएंगे. छात्रों ने विश्वविद्यालय बंटवारे के विरोध में ‘विभाग सम्पर्क अभियान’ शुरू कर दिया है. इस दौरान छात्र हाथों में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की तस्वीर लेकर घूम रहे हैं.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment