संचार नाउ। उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है। ग्रेटर नोएडा स्थित बेव्यू भूटानी इंटरनेशनल फिल्म सिटी में फिल्म ‘मॉम 2’ की शूटिंग आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। यह फिल्म यहां शूट होने वाली पहली फिल्म बन गई है, जबकि फिल्म सिटी का निर्माण कार्य अभी चरणबद्ध तरीके से जारी है।
27 फरवरी 2025 को इस परियोजना के लिए भूमि आवंटित की गई थी और महज एक वर्ष के भीतर यहां सेट तैयार कर फिल्मांकन की शुरुआत हो जाना इस परियोजना की तेज रफ्तार और गंभीरता को दर्शाता है। ‘मॉम 2’ के कई अहम दृश्य और क्लाइमेक्स की शूटिंग इसी फिल्म सिटी में की जा रही है। यह सिर्फ एक फिल्म की शूटिंग नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में फिल्म उद्योग के नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
स्थायी सेट, लगातार शूटिंग की योजना
फिल्म सिटी प्रबंधन के अनुसार, ‘मॉम 2’ के लिए बनाए गए सेट शूटिंग के बाद भी संरक्षित रखे जाएंगे, ताकि भविष्य में अन्य फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में उनका उपयोग किया जा सके। इससे यहां निरंतर शूटिंग का माहौल बनेगा और यह स्थान एक स्थायी क्रिएटिव हब के रूप में विकसित होगा। वर्ष 2026 में कई अन्य फिल्म और वेब प्रोजेक्ट्स की शूटिंग का प्रस्ताव भी है।

मजबूत स्टारकास्ट और अनुभवी टीम
फिल्म ‘मॉम 2’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, खुशी कपूर, करिश्मा तन्ना, जिशु सेनगुप्ता और मनोज पाहवा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्देशन की कमान गिरीश कोहली संभाल रहे हैं, जिन्होंने वर्ष 2017 में रिलीज हुई ‘मॉम’ के लेखन में भी अहम भूमिका निभाई थी। फिल्म का निर्माण बोनी कपूर और अक्षय पुरी द्वारा बेव्यू प्रोजेक्ट्स और 12th स्ट्रीट एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है।
फिल्म शूट से हुई फिल्म सिटी की असली शुरुआत
शूटिंग की शुरुआत पर बोनी कपूर ने कहा कि यह उनके लिए भावुक क्षण है। फिल्म सिटी की कल्पना एक विश्वस्तरीय रचनात्मक केंद्र के रूप में की गई थी और इसकी शुरुआत किसी औपचारिक शिलान्यास से नहीं, बल्कि असली फिल्म शूट से होना इसे खास बनाता है। यह स्थान सिर्फ इमारतों का समूह नहीं, बल्कि कहानी कहने वालों के लिए एक संपूर्ण वातावरण बनेगा।

रोजगार और वैश्विक पहचान की दिशा में कदम
यह परियोजना बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही है, जिसमें भूटानी समूह साझेदार है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के साथ हुए समझौते के तहत इसका विकास किया जा रहा है। पूर्ण निर्माण से पहले ही प्राथमिक शूटिंग जोन तैयार कर लिए गए हैं।
भूटानी इंफ्रा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष भूटानी के अनुसार, यह फिल्म सिटी क्षेत्र में नए रोजगार के अवसर पैदा करेगी और समग्र विकास को गति देगी। यह परियोजना उत्तर प्रदेश के साथ-साथ भारत को वैश्विक फिल्म मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में अहम कदम है।
जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगा अंतरराष्ट्रीय प्रोडक्शन हब
आगामी जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट विकसित की जा रही यह फिल्म सिटी अत्याधुनिक साउंड स्टेज, बैकलॉट, पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं और कलाकारों व तकनीकी स्टाफ के ठहरने की व्यवस्थाओं के साथ एक सम्पूर्ण प्रोडक्शन हब के रूप में आकार ले रही है।
‘मॉम 2’ की शूटिंग के साथ ही जेवर फिल्म सिटी ने यह साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश अब सिर्फ शूटिंग लोकेशन नहीं, बल्कि फिल्म निर्माण का नया केंद्र बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
