संचार नाउ। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ध्वजारोहण, देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के बीच आयोजित समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस मौके पर प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि “आजादी हमें विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र निर्माण विरासत में नहीं मिलता। इसके लिए हर पीढ़ी को अपना योगदान देना पड़ता है।”
दरअसल, प्राधिकरण मुख्यालय में सुबह ध्वजारोहण के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी संस्था की असली ताकत उसकी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही होती है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण केवल सड़कें और भवन नहीं बनाता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की नींव तैयार करता है। उद्योगों के लिए आवंटित भूमि रोजगार के अवसर पैदा करती है, जबकि आवासीय योजनाएं हजारों परिवारों के सपनों को साकार करती हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान केवल सलामी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना भी सच्ची राष्ट्रसेवा है।
समारोह में एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि आजादी का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के सामने कई चुनौतियां हैं, जिनका समाधान टीम भावना, समर्पण और बेहतर कार्य संस्कृति से ही संभव है।
कार्यक्रम में सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। “वंदे मातरम्”, “वतन ये हमारा है प्यारा हिंदुस्तान”, “मिट्टी के बेटे” और “दिल दिया है, जान भी देंगे” जैसे गीतों पर प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को राष्ट्रभक्ति के भाव से भर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर ओएसडी अभिषेक पाठक ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया, जबकि मुकेश कुमार सिंह ने अपनी कविता के माध्यम से वर्तमान भारत की चुनौतियों और जिम्मेदारियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया।
वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण कार्यालय में एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने ओएसडी गुंजा सिंह तथा अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। यहां भी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह में जीएम (वित्त) स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी लवनीत कौर, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल, ग्रेटर नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, राजेश निम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में राष्ट्रगौरव, कर्तव्यनिष्ठा और विकसित भारत के निर्माण का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
