संचार नाउ। खेल और युवा प्रतिभाओं के लिए ग्रेटर नोएडा एक बार फिर नई पहचान बनाने जा रहा है। पहली बार ग्रेटर नोएडा के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स क्रिकेट ग्राउंड में बिग क्रिकेट लीग (BCL) सीजन-2 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 3 जून से 13 जून तक चलने वाले इस 11 दिवसीय टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के कई बड़े सितारे मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगे।
इस लीग में शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल, रॉस टेलर, थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान जैसे दिग्गज खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे। क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि सभी मुकाबलों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा और पार्किंग की भी बेहतर व्यवस्था की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा को मिली बड़ी पहचान
इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन से ग्रेटर नोएडा को खेल नगरी के रूप में नई पहचान मिलने जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी इस आयोजन में सहयोगी की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन समिति की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

युवा खिलाड़ियों को मिलेगा सुनहरा मौका
बिग क्रिकेट लीग की सबसे खास बात यह है कि देशभर से चुने गए 60 युवा और शौकिया क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय दिग्गज खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने का अवसर मिलेगा। यह मंच युवा प्रतिभाओं के लिए किसी सपने से कम नहीं माना जा रहा।
लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि इस टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 फॉर्मेट में कुल 18 मुकाबले खेलेंगी। मौजूदा चैंपियन टीम मुंबई मरींस है।
दुनिया के 25 देशों में लाइव होगा प्रसारण
भारत में इस लीग का सीधा प्रसारण यूरो स्पोर्ट्स पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग फैनकोड पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा दुनिया के 25 से अधिक देशों में भी इस टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
ईज माई ट्रिप के संस्थापक एवं चेयरमैन निशांत पिट्टी ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों और जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का शानदार प्रयास है।
वहीं लीग कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि इस लीग का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा दुनिया के सामने दिखा सकें।
खेल प्रेमियों में उत्साह
ग्रेटर नोएडा में होने जा रहे इस बड़े आयोजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों और युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर क्रिकेट सितारों का जमावड़ा लगने जा रहा है, जिससे खेल संस्कृति को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
