जेवर में बन रही इंटरनेशनल फिल्म सिटी का नक्शा पास, जून में हो सकता है शिलान्यास

Narendra Bhati
4 Min Read

संचार नाउ। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बनने जा रही उत्तर भारत की पहली इंटरनेशनल फिल्म सिटी को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। निर्माणकर्ता कंपनी ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) में फिल्म सिटी का संशोधित नक्शा जमा कर दिया है, जिसे प्राधिकरण द्वारा स्वीकृति मिल गई है। अनुमान है कि जून माह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा।

दरअसल, यह फिल्म सिटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसका उद्देश्य उत्तर भारत को एक मजबूत फिल्म प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित करना है। फिल्म सिटी का निर्माण कार्य फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू स्टूडियोज और भूटानी ग्रुप मिलकर करेंगे।

1000 हेक्टेयर में बनेगी इंटरनेशनल फिल्म सिटी

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने बताया कि यह फिल्म सिटी कुल 1000 हेक्टेयर भूमि में बनाई जानी है, जिसमें पहले चरण में 230 एकड़ में निर्माण कार्य शुरू होगा। यमुना प्राधिकरण द्वारा प्रदान की गई जमीन पर आधुनिक स्टूडियो, आउटडोर शूटिंग स्पॉट, पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं, डिजिटल एडिटिंग लैब्स, प्रशिक्षण संस्थान और टूरिज़्म से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

पहले नक्शे पर प्राधिकरण ने जताई थी आपत्ति

निर्माणकर्ता कंपनी ने इससे पहले प्राधिकरण में जो नक्शा जमा किया था, उसमें कुछ तकनीकी खामियों और नियमों के उल्लंघन को लेकर आपत्ति जताई गई थी। उसे वापस कर दिया गया था। अब नई संशोधित योजना को नियमों के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसे प्राधिकरण ने हरी झंडी दे दी है।

पढ़ें  कोलकाता में महिला डॉक्टर से रेप व हत्या के बाद जिम्स के डॉक्टरो ने की हड़ताल, ओपीडी सेवाएं ठप

राज्य सरकार की मंशा – मुंबई की तर्ज पर उत्तर भारत का हब

उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य इस फिल्म सिटी को मुंबई के फिल्म उद्योग का विकल्प बनाना है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, बुलेट ट्रेन और लॉजिस्टिक हब के साथ यह फिल्म सिटी भविष्य में निवेश, रोजगार और ग्लोबल सिनेमा प्रोडक्शन का प्रमुख केंद्र बनेगी।

बॉलीवुड की नजर जेवर पर

इस फिल्म सिटी को लेकर बॉलीवुड से जुड़े बड़े फिल्म निर्माता और स्टूडियोज ने पहले ही रुचि जताई थी। स्वयं फिल्म निर्माता बोनी कपूर, सुभाष घई, राजकुमार हिरानी, अशोक पंडित, प्रसून जोशी, सहित कई दिग्गज निर्माता-निर्देशक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर चुके हैं। बोनी कपूर ने कहा है कि फिल्म सिटी सिर्फ निर्माण नहीं, उत्तर भारत की युवा प्रतिभाओं को मंच देने का अवसर है। हमें गर्व है कि हम इस ऐतिहासिक परियोजना का हिस्सा बन रहे है

स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोज़गार, क्षेत्र में होगा आर्थिक विकास

फिल्म सिटी निर्माण से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही होटल, ट्रांसपोर्ट, सेट डिज़ाइनिंग, प्रॉप्स, तकनीकी सेवाओं जैसे सहायक उद्योगों को भी बल मिलेगा। इससे जेवर क्षेत्र में आर्थिक विकास और नगरीय विस्तार को भी गति मिलेगी।

फ़िल्म सिटी परियोजना के प्रमुख तथ्य एक नज़र में

  • कुल क्षेत्रफल : 1000 हेक्टेयर
  • पहले चरण में : 230 एकड़
  • निर्माणकर्ता : बेव्यू स्टूडियोज (बोनी कपूर)भूटानी ग्रुप
  • स्थान : यमुना प्राधिकरण क्षेत्र, सेक्टर 21, जेवर
  • शिलान्यास संभावित : जून 2025
  • उद्देश्य : उत्तर भारत में फिल्म निर्माण, रोजगार और ग्लोबल शूटिंग हब

जेवर में बनने वाली यह फिल्म सिटी न केवल उत्तर प्रदेश के लिए, बल्कि समूचे उत्तर भारत के लिए गौरव का विषय होगी। इससे जुड़ी हर गतिविधि भविष्य में राज्य को एक नई पहचान देने का काम करेगी।

पढ़ें  यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा इंटरचेंज, केबिनेट से मिली मंजूरी

 

Share This Article
Follow:
Narendra Bhati has been active in the field of journalism for the last 15 years. He started his career with Dainik Prabhat News Paper. After this, he worked in Reputed Media Institutions like Jia News & India Voice News Channel, Amar Ujala News Paper and ETV Bharat. Currently, he is working as the founder of his digital media startup "Sanchar Now", through which he is presenting unbiased and factual news on Digital Platforms.
Leave a Comment