जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मुठभेड़ में लश्कर का टॉप आतंकवादी मारा गया

Sanchar Now
3 Min Read

श्रीनगरः पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड आतंकवादी मंगलवार को कश्मीर के बडगाम जिले के ऊंचाई वाले इलाके में राष्ट्रीय राइफल्स के साथ मुठभेड़ में मारा गया। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकवादी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर फौजी मूसा के तौर पर हुई है। वह जम्मू-कश्मीर में कई हमलों में शामिल होने के कारण वांछित था और 5 सितंबर को यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ से बच निकला था, जिसमें उसका करीबी साथी यासिर मारा गया था।  हालांकि, मारे गए आतंकवादी के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

भीषण गोलीबारी में मारा गया आतंकी

सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि अन्य सुरक्षा बलों के साथ मिलकर मध्य कश्मीर के कोराग, यूसमर्ग के सामान्य क्षेत्र में अभियान शुरू किया था। जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकवादी को मार गिराया गया। कई वर्षों से पीर पंजाल पर्वतमाला के दोनों ओर हुए कई हमलों में शामिल होने के कारण वांछित मूसा इस महीने की शुरुआत में यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ से बच निकला था। अधिकारियों के अनुसार, उसका करीबी सहयोगी यासिर पांच सितंबर को हुई उस मुठभेड़ में मारा गया था। अधिकारियों ने कहा कि मूसा का मारा जाना जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।

सेना ने की घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की पक्की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सैनिकों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। जैसे ही सुरक्षाकर्मियों ने तलाशी तेज़ की।आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इससे दोनों तरफ से गोलीबारी होने लगी। इस मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। पंजाल रेंज के घने जंगल वाले इलाके के चारों ओर कड़ी घेराबंदी कर दी गई ताकि बचे हुए आतंकवादी भाग न सकें।इससे पहले उधमपुर में रातभर चले ऑपरेशन में सेना ने दो आतंकयों को ढेर कर दिया था।

पढ़ें  नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची, 18 लोगों की मौत, महाकुंभ जाने के लिए उमड़ी थी भारी भीड़

कई जगहों पर तलाशी अभियान

इससे पहले राजौरी, पुंछ और कठुआ में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने करीब 12 स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि इन पहाड़ी जिलों के दूरदराज और घने जंगलों वाले इलाकों में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा संयुक्त रूप से तलाशी ली जा रही है। यह अभियान राजौरी के कालाकोट स्थित पीर खाना, पोथा नरोटा और अंध गांवों, सुंदरबनी इलाके के ठंडा पानी व कंसार, कठुआ के पंजवारी, कठेरा व आसपास के क्षेत्रों तथा पुंछ के मेंढर सेक्टर में अपर कसबलारी, थेराटोपा, नागल गली, कालाबन व पटनातीर में जारी है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment