प्रयागराज : माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड), उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है. परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी. पहले चरण की परीक्षाएं 24 जनवरी 2026 से शुरू होकर 1 फरवरी 2026 तक चलेंगी. दूसरे चरण की परीक्षाएं 2 फरवरी 2026 से शुरू होकर 9 फरवरी 2026 तक चलेंगी, हालांकि यूपी टीईटी की लिखित परीक्षा के चलते 29 और 30 जनवरी 2026 को कोई प्रयोगात्मक परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी और इन दिनों विद्यालयों में शैक्षिक अवकाश रहेगा.
परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाएं संबंधित मंडलों के अंतर्गत आने वाले जनपदों में संचालित की जाएंगी. पहले चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल शामिल हैं. वहीं दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल के विद्यालयों में परीक्षाएं होंगी.
सीसीटीवी निगरानी में होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं : परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए परिषद ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इंटरमीडिएट की सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगी. यही नहीं विद्यालयों को परीक्षा की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर परिषद द्वारा मांगे जाने पर उपलब्ध कराई जा सके. परीक्षकों की नियुक्ति और अन्य आवश्यक जानकारियां संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त की जा सकेंगी.
हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर होंगी : भगवती सिंह ने बताया कि हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्व की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन यानी प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर कराई जाएंगी. हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा.
हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन), नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट की नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालय के प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड करेंगे. इसके लिए वेबसाइट 10 जनवरी 2026 से एक्टिव कर दी जाएगी.
प्री-बोर्ड और वार्षिक परीक्षाओं का भी कार्यक्रम तय : इसके अलावा कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में विद्यालय स्तर पर आयोजित होंगी. वहीं कक्षा 10 और 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2026 के दूसरे सप्ताह में कराई जाएंगी. इसके अलावा कक्षा 9 और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी 2026 के अंतिम सप्ताह और फरवरी 2026 के पहले सप्ताह में आयोजित की जाएंगी. परिषद ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों और क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रयोगात्मक परीक्षाओं की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करा लें.

