पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतदान से पहले एक नया बखेड़ा खड़ा हो गया है. चुनाव आयोग ने यूपी कैडर के आईपीएस और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना इलाके में पुलिस ऑब्जर्वर बनाकर भेजा तो टीएमसी आगबबूला हो गई. अजय पाल शर्मा का एक वीडियो वायरल होने के बाद तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सीधे तौर पर बीजेपी पर हमला बोल दिया है और अधिकारियों को सख्त अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है. अखिलेश ने तो यहां तक कहा कि बीजेपी ने टेस्ट किए एजेंट भेजे हैं. सरकार बनने दो बख्शेंगे नहीं.
वायरल वीडियो: जहांगीर को बोल देना, कायदे में रहे
बंगाल चुनाव प्रचार के आखिरी दिन ऑब्जर्वर के रूप में तैनात आईपीएस अजय पाल शर्मा का एक वीडियो सामने आया. इस वीडियो में वह टीएमसी प्रत्याशी और अभिषेक बनर्जी के बेहद करीबी माने जाने वाले जहांगीर खान के ठिकाने पर जाकर उनके लोगों को सख्त चेतावनी देते दिख रहे हैं. वीडियो में शर्मा स्पष्ट रूप से कहते सुने जा रहे हैं, बोल देना जहांगीर को क़ायदे में रहे, नहीं तो अच्छे से खबर ले लेंगे.
अखिलेश यादव का तीखा प्रहार
इस वीडियो के सामने आने के बाद यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर एक लंबा और कड़ा पोस्ट लिखकर चेतावनी दी है. अखिलेश ने लिखा, पश्चिम बंगाल में भाजपा ने ऑब्जर्वर के नाम पर रामपुर व संभल में टेस्ट किये हुए अपने एजेंट भेजे हैं, लेकिन इनसे कुछ होने वाला नहीं. दीदी हैं, दीदी रहेंगी! उन्होंने कहा, सही समय आने पर भाजपा और उनके संगी-साथियों के इन जैसे ‘एजेंडों के एजेंटों’ की सारी आपराधिक करतूतों की गहरी जांच होगी और बेहद सख़्त दंडात्मक कार्रवाई भी करेंगे.
अखिलेश यादव ने कहा, ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं. हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे. ये खोज के लाए जाएंगे, खोद के लाए जाएंगे और अपने कुकृत्यों के लिए क़ानूनी सज़ा भी पाएंगे. लोकतंत्र के अपराधी बख़्शे नहीं जाएंगे!
टीएमसी का पलटवार
टीएमसी नेता रिजु दत्ता ने अजय पाल शर्मा के रवैये पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्हें भ्रष्ट अधिकारी करार दिया. दत्ता ने आरोप लगाया कि ऑब्जर्वर के रूप में तैनात यह अधिकारी प्रभावशाली टीएमसी नेताओं के घर जाकर उनके लोगों और परिवार वालों को बेवजह धमका रहा है.
बीजेपी बोली- सिंघम ने आते ही कड़े तेवर दिखाए
बीजेपी पूरी तरह से आईपीएस अधिकारी के समर्थन में उतर आई है. बीजेपी मीडिया सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने शर्मा को यूपी पुलिस का ‘सिंघम’ बताया. उन्होंने कहा, अजय पाल शर्मा ने तैनात होते ही अभिषेक बनर्जी के करीबी जहांगीर खान के परिवार को सख्त चेतावनी देकर कानून का शासन स्पष्ट कर दिया है. संदेश साफ है: डराने-धमकाने का युग खत्म हो गया है. बंगाल बीजेपी का कहना है कि एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अजय पाल शर्मा की तैनाती से अब बंगाल में पिछले 50 साल का सबसे निष्पक्ष चुनाव होगा और चुनाव में गुंडागर्दी करने वालों को सही सबक सिखाया जाएगा.
