आगरा: पति ने नहीं दिलाया कुरकुरे तो पत्नी रूठकर चली गई मायके, पुलिस भी ना समझा पाई, तलाक की नौबत

Sanchar Now
3 Min Read

आगरा: आजकल पति-पत्नी के रिश्तों में छोटी-छोटी बातों में दरार आ जा रही है। गुस्से में मामला इतना बढ़ जाता है कि शादी टूटने की नौबत तक आ जाती है। कुछ ऐसा ही एक अजीबोगरीब मामला आगरा में देखने को मिला है, जिसमें मात्र 5 रुपये के कुरकुरे पर दंपती में विवाद इतना बढ़ गया कि शादी टूटने तक की नौबत आ गई। पति ने पत्नी को कुरकुरे का पैकेट नहीं दिलवाया तो पत्नी इतना गुस्सा हो बैठी कि ससुराल छोड़कर मायके में जा बैठी। मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंच गया। दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बन सकी है।

शाहगंज की रहने वाली एक युवती की शादी साल 2023 में सदर क्षेत्र में हुई थी। पत्नी को कुरकुरा खाने का शौक था। हुआ यूं कि पत्नी ने कुरकुरा खाने की फरमाइश की तो पति ने उसे कुरकुरा नहीं दिलाया। इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि मारपीट तक हो गई। इससे गुस्साई पत्नी अपने पति के घर को छोड़कर मायके पहुंच गई। पत्नी ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। पुलिस ने मामला परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया। शनिवार को दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाया गया। काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता कराने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बन सकी है। दोनों को अगली तारीख दी गई है। हो सकता है कि मामला सुलझ जाए।

छह महीने तक रखा खूब ख्याल

काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार ने बताया कि युवती का पति चांदी का काम करता है। पत्नी को शादी से पहले ही कुरकुरा खाने की आदत थी। पत्नी ने बताया कि शादी के छह महीने तक पति ने उसका खूब ख्याल रखा, लेकिन अब उसके तेवर बदल गए हैं। छोटी-छोटी फरमाइश भी पूरी नहीं करता है। छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता है। उसने बताया कि दो महीने पहले पांच रुपये के कुरकुरे के लिए बोला तो मना कर दिया। मारपीट तक कर डाली।

पढ़ें  थप्पड़ मारे, बेल्ट से पीटा, जमीन पर पटका, जी नहीं भरा तो दांत से भी काटा… नोएडा के डे केयर में 15 महीने की बच्ची के साथ बर्बरता

मां भी देती है बेटे का साथ

पत्नी ने आरोप लगाया है कि पति उसे बिना बात के रोक-टोक करता है। अगर विरोध करो तो मारपीट करता है। सास भी उसके पति का साथ देती है। पत्नी ने आरोप लगाया है कि पति उसे खर्चे के लिए रुपये भी नहीं देता है। उसे बेवजह मारता पीटता है। इधर, पति का कहना था कि सिर्फ पांच रुपये के कुरकुरे के पीछे पत्नी ने विवाद किया था। जब मैंने कुरकुरा नहीं दिलाया तो ये नाराज हो गई। झगड़ा करने लगी। इस बात से नाराज होकर अपने मायके में चली गई। काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार का कहना है कि दोनों को अगली तारीख पर बुलाया है। समझौता कराने का प्रयास किया जाएगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment