लखनऊ: सिरफिरे की हरकत से महिला डॉक्टर परेशान, एक दिन में किए 1000 कॉल और 5000 मैसेज

Sanchar Now
3 Min Read

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लोहिया अस्पताल की एक महिला डॉक्टर को कुछ महीने पहले वहां इलाज करा चुके एक मरीज ने पांच हजार से ऊपर अश्लील मैसेज भेजे और एक दिन में एक हजार से अधिक बार फोन करके परेशान कर दिया। अस्पताल में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत महिला डॉक्टर ने जब उसे मना किया तो मरीज ने उन्हें धमकी दी और जानलेवा हमले का प्रयास भी किया। पीड़िता ने थक-हारकर पुलिस को सनकी मरीज की जानकारी दी। विभूतिखंड थाना ने केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया है।

विभूतिखंड थाना के इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक आरोपी महेश तिवारी बस्ती का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कुछ महीने पहले महेश का लोहिया में ऑपरेशन हुआ था। महिला डॉक्टर उसके इलाज में शामिल थी। महेश को इलाज के दौरान ही डॉक्टर का नंबर मिल गया था और वह उन्हें परेशान करने लगा। डॉक्टर ने पुलिस को बताया है कि 19 अगस्त को जब वह ओपीडी से कुछ दूर स्थित अपने फ्लैट में जाने के लिए निकली थीं तो महेश तिवारी उनका पीछा करते हुए पहुंच गया। अपार्टमेंट के बेसमेंट में लिफ्ट का इंतजार कर रही थीं तब महेश ने पीछे से उन पर वार करने का प्रयास किया। गार्ड ने उसे दौड़ाकर पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पीछा करता था महेश, डर से अकेले फ्लैट जाना बंद कर दिया

पीड़िता डॉक्टर ने बताया कि महेश तिवारी काफी दिनों से उन्हें परेशान कर रहा था। डॉक्टर ने इसकी शिकायत 12 मई को महिला हेल्पलाइन 1090 पर भी की थी। पुलिस ने फोन कर महेश को समझाया था। कुछ दिन तो वो शांत रहा लेकिन इसके बाद फिर वही हरकतें करने लगा था। महेश पर सनकपन इस कदर हावी था कि वो बस्ती से लखनऊ आकर अस्पताल में ओपीडी के बाहर डॉक्टर के इंतजार में खड़ा रहता था और निकलने पर पीछा करता था। महेश से डॉक्टर को जान का ऐसा खतरा लगने लगा था कि वो अकेले निकलने से डरने लगी। जब वह अस्पताल से फ्लैट लौटती थीं तो सुरक्षा के लिए ओपीडी से एक गार्ड लेकर जाती थीं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment