नोएडा के प्राइवेट स्कूल में खेलते समय बेहोश होकर गिरा 10वीं का छात्र, अस्पताल में मौत, जानिए पैरेंट्स ने क्या आरोप लगाए

Sanchar Now
4 Min Read

सेक्टर-132 स्थित निजी स्कूल में बुधवार दोपहर फुटबॉल खेल रहा 10वीं का छात्र अचानक मैदान में बेहोश होकर गिर पड़ा। स्कूल प्रबंधन ने छात्र को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित  कर दिया गया।  छात्र की मौत से स्कूल में शोक का माहौल है।

छात्र के परिजनों ने पुलिस से शिकायत नहीं की है। हालांकि पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में छात्र के अस्थमा से पीडि़त होने की बात सामने आई है। कोतवाली सेक्टर-126 के प्रभारी सुमनेश कुमार ने बताया कि  बुधवार को गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल में पढ़ाई शुरू हुई थी। दोपहर में नियमित खेल गतिविधियां चल रही थीं। मैदान में 15 वर्षीय छात्र अन्य बच्चों के साथ फुटबॉल  खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

शिक्षकों और स्टाफ ने तुरंत उसे प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया। उसे सेक्टर-128 स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसएचओ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।  पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से घटना की पूरी जानकारी ली और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

भीषण गर्मी में छात्रों को मैदान में ले जाने पर उठ रहे सवाल

हादसे के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर कई सवाल खड़े किए हैं। अभिभावकों ने कहा कि बुधवार दोपहर भीषण गर्मी में छात्रों को खेल के लिए मैदान में ले जाना सही नहीं था। अगर छात्र मैदान में नहीं जाता तो उसकी जान बच जाती। गर्मी और उमस के कारण ही अस्थमा का उसे गंभीर दौरा पड़ा। जिससे उसकी जान चली गई।

पढ़ें  यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसा, तेज रफ्तार टेंपो पलटा, 10 से ज्यादा घायल

सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी

स्कूल में छात्र की हुई मौत के बाद अभिभावकों में गहरा आक्रोश है। सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे संदेशों में अभिभावक स्कूल प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। कई अभिभावकों ने स्कूल पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अभिभावकों का कहना है कि छात्र को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता नहीं मिली। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि कुछ छात्रों ने सीपीआर देने का प्रयास किया था।

आपातकालीन व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग

अभिभावकों ने कहा है  कि बच्चों के लिए स्कूलों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाना चािहए। स्कूलों में मोटी फीस भरने के बाद भी स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पातीं। आरोप है कि स्कूल में मेडिकल रूम में ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं था हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पूरे प्रकरण में स्कूल की प्रिंसिपल से संपर्क किया गया लेकिन प्रिंसिपल का फोन नहीं उठा। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन ने आधिकारिक जानकारी भी नहीं दी है।

शिक्षक दिवस पर छठी क्लास की छात्रा की हुई थी मौत

पिछले वर्ष चार सितंबर को सेक्टर-31 स्थित प्रेसिडियम स्कूल में शिक्षक दिवस के कार्यक्रम के दौरान छठी क्लास की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया था। कार्यक्रम में छठी क्लास की दस वर्षीया छात्रा तनिष्का शर्मा शामिल होने स्कूल आई थी। करीब दो बजे तनिष्का ने लंच किया। इसके बाद वहां से नीचे आ रही थी। तभी उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद वह सीढ़ियों पर गिर गई। स्कूल प्रबंधन ने बच्ची को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया था।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment