यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के स्टॉल में दिखी 25 वर्षों की विकास यात्रा, नोएडा एयरपोर्ट से लेकर जापान-कोरियन सिटी तक योजनाओं का प्रदर्शन

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हॉल नंबर-03 में लगाए गए इस स्टॉल में प्राधिकरण की 25 वर्षों की विकास यात्रा के साथ क्षेत्र में तेजी से आकार ले रही औद्योगिक और शहरी परियोजनाओं को मॉडल और पोस्टर्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

दरअसल, स्टॉल में YEIDA के प्रथम चरण के 2041 मास्टर प्लान का मॉडल स्थापित किया गया है, जिसमें प्राधिकरण के विभिन्न सेक्टरों और कनेक्टिविटी को दर्शाया गया है। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल भी आगंतुकों के लिए प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। पिछले एक वर्ष में हुए बड़े औद्योगिक आवंटनों और प्राधिकरण क्षेत्र में आए निवेश को भी पोस्टर्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

बड़े प्रोजेक्ट्स और प्रस्तावित योजनाओं की झलक

YEIDA के स्टॉल में इंटरनेशनल फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा जापान सिटी सेक्टर-5A, कोरियन सिटी सेक्टर-4A, सिंगापुर सिटी सेक्टर-7 और ताइवान सिटी सेक्टर-6 जैसी प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी भी दी गई है। वहीं सेक्टर-23D में प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम, सेक्टर-23C में प्रस्तावित आईएसबीटी तथा सेक्टर-13 और 14 में प्रस्तावित मेडिकल हब से जुड़ी योजनाओं को भी प्रदर्शनी में जगह दी गई है।

पढ़ें  पुख्ता तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच 18 केंद्रों पर गौतम बुद्ध नगर में पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा शुरू

औद्योगिक विकास मंत्री ने किया स्टॉल का उद्घाटन

26 सितंबर को औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने YEIDA के स्टॉल का उद्घाटन किया और प्रदर्शनी में लगाए गए विकास मॉडल्स का अवलोकन किया। इस दौरान YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न उद्योगपतियों के साथ संवाद कर प्राधिकरण की औद्योगिक एवं निवेश संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने IIDC दीपक कुमार का स्टॉल पर स्वागत किया और प्राधिकरण की विभिन्न विकास योजनाओं तथा परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।

अपर मुख्य सचिव ने भी किया स्टॉल का भ्रमण

27 सितंबर को उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार ने एक्सपोमार्ट पहुंचकर YEIDA के स्टॉल का भ्रमण किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विकास मॉडल और प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं का अवलोकन किया। इस दौरान IEML के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।

YEIDA के स्टॉल पर लगातार बड़ी संख्या में अधिकारी, उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और आगंतुक पहुंच रहे हैं। ट्रेड शो में प्रदर्शित यह स्टॉल यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और भविष्य की प्रस्तावित परियोजनाओं की तस्वीर पेश कर रहा है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment