गंगा-यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 92% जमीन खरीद पूरी, सितंबर तक पूरा होगा अधिग्रहण

Sanchar Now
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा। गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण की दिशा में यमुना प्राधिकरण (यीडा) ने 92 प्रतिशत जमीन खरीद का काम पूरा कर लिया है। अब केवल आठ प्रतिशत जमीन का क्रय होना बाकी है। अधिकारियों का दावा है कि सितंबर तक शेष जमीन खरीद की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी।

फिल्म सिटी के पास बनेगा इंटरचेंज

प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए फिल्म सिटी के नजदीक इंटरचेंज बनाया जाएगा। यह लिंक एक्सप्रेसवे यीडा क्षेत्र से शुरू होकर बुलंदशहर जिले तक जाएगा। परियोजना की कुल लंबाई 74.5 किलोमीटर है।

8,586 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा एक्सप्रेसवे

लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण पर करीब 8,586 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। प्रदेश सरकार ने अनुपूरक बजट में परियोजना के लिए 250 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान भी किया था। यीडा क्षेत्र में इस एक्सप्रेसवे की लंबाई करीब 20 किलोमीटर होगी।

छह लेन वाले इस एक्सप्रेसवे की कुल चौड़ाई 80 मीटर होगी। एक्सप्रेसवे के दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाई जाएंगी। यीडा के अधिसूचित क्षेत्र में परियोजना के लिए जमीन खरीदने की जिम्मेदारी प्राधिकरण को दी गई थी। इसके लिए यीडा को 1,209 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

92 प्रतिशत जमीन की हो चुकी है खरीद

यीडा के एसीईओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 92 प्रतिशत जमीन खरीद का काम पूरा हो चुका है। शेष आठ प्रतिशत जमीन की खरीद की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी।

मुआवजा दर बढ़ने से जमीन खरीद की रफ्तार पर असर

पढ़ें  न्यू नोएडा को मिलेगी एक्सप्रेसवे की ताकत, जेवर एयरपोर्ट से गंगा एक्सप्रेसवे तक बनेगा सीधा कनेक्शन

यीडा ने लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिकांश जमीन 4,300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से खरीदी है। इसी बीच प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र के लिए मुआवजा दरों में वृद्धि कर दी है। ऐसे में नई दरों का असर जमीन खरीद की प्रक्रिया पर पड़ना तय माना जा रहा है।

जब तक प्राधिकरण नई मुआवजा दरों को लागू करने संबंधी कार्यालय आदेश जारी नहीं करता, तब तक जमीन के बैनामे की प्रक्रिया भी प्रभावित रहेगी। अधिकारियों के अनुसार, नई दरों को लागू करने के बाद शेष जमीन की खरीद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment