सपा में टिकट को लेकर तनातनी हुई खत्म – गौतम बुद्ध नगर से डॉ महेंद्र नागर लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

Sanchar Now
4 Min Read

संचार न्यूज़। गौतम बुध नगर लोक सभा सीट पर प्रत्याशी के असमंजस की स्थिति अब खत्म हो गई है। समाजवादी पार्टी ने डॉक्टर महेंद्र नागर को दोबारा प्रत्याशी घोषित कर दिया है। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में समाजवादी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी डॉ महेंद्र नागर व आईएनडीआईए इंडिया गठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता में मजबूती से लोकसभा चुनाव लड़कर जीत दर्ज करने का दावा किया गया।

 

दरअसल, गौतम बुध नगर लोकसभा से समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन ने डॉक्टर महेंद्र नागर को प्रत्याशी घोषित किया था। जिसके बाद समाजवादी पार्टी ने डॉ महेंद्र नागर की जगह राहुल अवाना को प्रत्याशी घोषित कर दिया। राहुल अवाना की घोषणा के बाद जिले के शीर्ष नेताओं ने लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से प्रत्याशी बदलने की गुहार लगाई। लगभग एक सप्ताह तक चली तनातनी के बाद अब असमंजस की स्थिति खत्म हो गयी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट से डॉक्टर महेंद्र नागर को दोबारा प्रत्याशी घोषित कर दिया है। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में हुई प्रेस वार्ता में डॉक्टर महेंद्र नागर के साथ पहले टिकट घोषित हो चुके प्रत्याशी राहुल अवाना भी मौजूद रहे। जहां पर दोनों ने राष्ट्रीय नेतृत्व कि फैसले का सम्मान करते हुए मिलकर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

इस दौरान सपा प्रत्याशी डॉक्टर महेंद्र नागर ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और विजय हासिल करेगा। भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता का बुरा हाल है। भाजपा अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए तरह-तरह के प्रोपगंडा अपना रही है। देश और प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है इसके साथ ही आम जनता का शोषण किया जा रहा है।

पढ़ें  चैत्र नवरात्र पर यूपी में अवैध बूचड़खानों पर रोक, धार्मिक स्थलों के पास मांस बिक्री बंद

 

डॉ महेंद्र नागर ने कहा कि पार्टी में प्रत्याशी बदले जाने को लेकर अब कोई मतभेद नहीं है। पूरी पार्टी और इंडिया गठबंधन एक साथ लोकसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर में भाजपा की सरकार में किसानों की समस्याओं को हल नहीं किया जा रहा है। गौतम बुद्ध नगर में तीनों प्राधिकरण और एनटीपीसी पर किसान कई सालों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाने वाले छुट्टा लवारिस जानवर को लेकर सरकार ने अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया है।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में पूरे देश और प्रदेश में अराजता का माहौल है। बीजेपी सरकारी संस्थाओं का अपने लाभ के लिए गलत इस्तेमाल कर रही है। लोकतंत्र की रक्षा में जनहित के लिए भाजपा को देश से उखाड़ फेंकना बेहद जरूरी है। इस मौके पर समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी, लोकसभा प्रभारी वीर सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी, महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष रामकुमार तंवर, आम आदमी पार्टी महासचिव राकेश अवाना, फकीरचंद नागर, इंद्र प्रधान, सुनील चौधरी, गजराज नागर, दीपक नागर, सुनील डेवटा व नरेंद्र नागर सहित मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment