यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन, 25 सितंबर से होगा आयोजन

Sanchar Now
3 Min Read

संचार न्यूज़। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने सोमवार को इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा स्थित सभागार में होटल संचालकों, खानपान व्यवस्था, ब्रांडिंग और प्रमोशन से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

एडीएम प्रशासन ने होटल संचालकों से कहा कि विगत दो वर्षों की तरह इस बार भी शो को सफल बनाने में पूरा सहयोग दें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि होटल संचालक केवल निर्धारित दरों पर ही सेवाएं उपलब्ध कराएं और किसी भी आगंतुक से अतिरिक्त राशि वसूली न जाए। शिकायत मिलने पर संबंधित होटल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्वच्छता, सुरक्षा और आतिथ्य सेवाओं में उच्चतम मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि आने वाले राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मेहमानों पर सकारात्मक प्रभाव डाला जा सके।

ब्रांडिंग और प्रमोशन को लेकर एडीएम प्रशासन ने अधिकारियों को सक्रिय रहकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और रेडियो के साथ-साथ सिनेमा हॉल, मॉल, मेट्रो स्टेशन, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक होर्डिंग्स, बैनर और डिजिटल स्क्रीन लगाए जाएं। इस दौरान “मेक इन यूपी” और “वोकल फॉर लोकल” थीम को विशेष रूप से प्रमुखता दी जाएगी, ताकि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान वैश्विक स्तर तक पहुंचे।

खानपान व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि आगंतुकों को उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और विविधतापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए। प्रदेश के प्रत्येक जिले के प्रसिद्ध व्यंजन के स्टॉल लगाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि आगंतुक उत्तर प्रदेश के असली स्वाद से परिचित हो सकें। इसके अलावा पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्राथमिक उपचार और अन्य जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा में सीवर से जुड़ी शिकायतों के लिए प्राधिकरण ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वंदना त्रिपाठी, मजिस्ट्रेट विवेक भदोरिया, डिप्टी कलेक्टर दुर्गेश सिंह, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा, इंडिया एक्सपो मार्ट के सीईओ सुदीप सरकार सहित होटल प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment