सीएम योगी ने यीडा में सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और मेडिकल क्षेत्र की 4 बड़ी कंपनियों को सौंपे भूमि आवंटन पत्र, ₹10 हजार करोड़ से अधिक निवेश को हरी झंडी, हजारों को रोजगार

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ, लखनऊ। उत्तर प्रदेश को देश का सेमीकंडक्टर और हाईटेक इंडस्ट्रियल हब बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में निवेश करने वाली चार बड़ी कंपनियों को भूमि आवंटन पत्र सौंपे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है। उद्योग प्रथम, निवेश प्रथम और इसी सोच के साथ उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि यीडा क्षेत्र में सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और मेडिकल सेक्टर में ₹10,000 करोड़ से अधिक के निवेश को मंजूरी दी गई है। इससे न केवल औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का चिप हब बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की जा रही है। HCL-फॉक्सकॉन द्वारा ₹3,706 करोड़ के निवेश से प्रदेश में सेमीकंडक्टर चिप निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी।

वहीं एसेंट सर्किट प्राइवेट लिमिटेड ₹3,250 करोड़ के निवेश से पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का उत्पादन करेगी। इसके अलावा अंबर इंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड को 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां ₹3,532 करोड़ के निवेश से इलेक्ट्रॉनिक्स और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी। इस परियोजना से ही 1,500 से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार मिलने की उम्मीद है। वहीं बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सेक्टर-17A में ₹532 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा लाभ मिलेगा।

पढ़ें  एडीजी प्रशांत कुमार समेत तीन IPS को मिले अतिरिक्त प्रभार, 9 का तबादला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों की जरूरत के अनुसार स्थानीय स्तर पर ‘ट्रेंड मैनपॉवर’ तैयार की जाए, ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिल सके। उन्होंने विकास प्राधिकरणों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि समयबद्ध, पारदर्शी और निवेशक-हितैषी व्यवस्था के साथ निवेश कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।

कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. राकेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सरकार का दावा है कि इन निवेश परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास के नए शिखर की ओर बढ़ेगा और देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाएगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment