देहरादून में अंडरग्राउंड केबल कार्य का औचक निरीक्षण

Sanchar Now
3 Min Read

देहरादून के आराघर क्षेत्र में निर्माणाधीन 132 केवी जीआईएस बिजलीघर को विद्युत लाइन से जोड़ने के लिए धर्मपुर क्षेत्र में चल रहे अंडरग्राउंड केबल कार्य का प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने निदेशक परिचालन जी.एस. बुदियाल के साथ देर रात्रि पौने नौ बजे औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था।

कार्य स्थल पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कार्य स्थल पर कार्यदायी संस्था का साइट इंचार्ज सहित कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। साढ़े दस बजे तक भी कार्य शुरू न होने पर प्रबंध निदेशक ने गहरी अप्रसन्नता व्यक्त की और इसे गंभीर लापरवाही बताया।

कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश

प्रबंध निदेशक ने कार्यदायी संस्था के मालिक से मोबाइल पर वार्ता कर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई और स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले दिन से कार्य निर्धारित समय पर ही प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही मैनपावर गैंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।

संस्था की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण

कार्यदायी संस्था के मालिक ने बताया कि ट्रैफिक जाम में फँस जाने के कारण मशीन और श्रमिकों को कार्य स्थल तक पहुँचने में लगभग आधे घंटे की देरी हुई, जिसकी आगे पुनरावृत्ति नहीं होगी। उन्होंने न्यूनतम समय में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों को शिफ्टों में तैनाती के निर्देश

पढ़ें  खाना बनाने आई थी कुक, युवक की नीयत बिगड़ी, दोस्त के साथ मिलकर किया गैंगरेप

प्रबंध निदेशक ने अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता को दो-दो की शिफ्ट बनाकर कार्य स्थल पर उपस्थित रहकर पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिलाधिकारी देहरादून द्वारा रात्रि दस बजे से कार्य प्रारंभ करने की अनुमति के अनुसार सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्य स्थल पर पहुँचना सुनिश्चित करें।

निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर

प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया कि अंडरग्राउंड केबल का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना अनिवार्य है, जिससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएँ मिल सकें। निरीक्षण के दौरान निदेशक परिचालन जी.एस. बुदियाल, अधिशासी अभियंता दीपक कुमार एवं सहायक अभियंता अमित कुमार भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment