संचार नाउ। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनी परफेक्टपैक लिमिटेड (Perfectpac Limited) ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अपना दूसरा विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने की योजना बनाई है। कंपनी ने इसके लिए प्राधिकरण से भूखंड आवंटन के लिए आवेदन किया था और 13 मार्च 2026 को प्राधिकरण से लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) प्राप्त हो गया है।
कंपनी वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-2 औद्योगिक क्षेत्र में अपना प्लांट संचालित कर रही है, जिसकी उत्पादन क्षमता 27,000 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष है और यह फिलहाल पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है। बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी अब 42,000 मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाले नए प्लांट की स्थापना करेगी।
इस नई परियोजना में कंपनी करीब 725 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। प्रस्तावित परियोजना से लगभग 700 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। परफेक्टपैक लिमिटेड देश की प्रमुख पैकेजिंग कंपनियों में शामिल है और LG, Samsung, Voltas, Usha, Motorola, Ahuja Radios, Hamdard, Apollo Pipes, Puma, Havells और Lenovo जैसी बड़ी कंपनियों को पैकेजिंग समाधान उपलब्ध कराती है।
नए प्लांट में अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक मशीनरी का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी मल्टीकलर कार्टन निर्माण के क्षेत्र में भी विस्तार करने की योजना बना रही है, जिससे प्रीमियम पैकेजिंग की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सकेगा और कॉरुगेटेड पैकेजिंग उद्योग में कंपनी की स्थिति और मजबूत होगी।
