यमुना प्राधिकरण ने स्पार्क मिंडा टोयोडेंसो को 7 एकड़ भूखंड का लेटर ऑफ इंटेंट सौंपा, 220 करोड़ का होगा निवेश

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देते हुए मैसर्स स्पार्क मिंडा टोयोडेंसो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-8D में 7 एकड़ भूखंड का लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) सौंपा। यह लेटर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने कंपनी के कार्यकारी निदेशक अशोक दास और पीयूष गोयल को प्रदान किया। इस मौके पर मिंडा ग्रुप के प्रमुख (कॉरपोरेट मामलों) अमित जालान भी उपस्थित रहे।

दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीति के तहत फॉर्च्यून 500 कंपनियों में शामिल होने के कारण कंपनी को सहायक अनुदान भी प्रदान किया गया है। इस परियोजना के तहत कंपनी स्विच, सेंसर और अन्य ऑटो स्विच प्रणालियों की करीब 20 लाख यूनिट का उत्पादन करेगी। इस परियोजना में कंपनी लगभग 220 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

स्पार्क मिंडा ग्रुप की कंपनी मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की भारत सहित वियतनाम, इटली, जापान और इंडोनेशिया में कुल 27 उत्पादन इकाइयाँ संचालित हैं। कंपनी वैश्विक स्तर पर मेकेट्रॉनिक्स, कनेक्टेड सिस्टम, प्लास्टिक व इंटीरियर, आफ्टरमार्केट उत्पाद, इलेक्ट्रिक वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इसके अलावा कंपनी ने पुणे और बेंगलुरु में अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) केंद्र भी स्थापित किए हैं। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के निवेश से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

पढ़ें  यीडा की बड़ी कार्रवाई: दनकौर में 46,000 वर्ग मीटर की 500 करोड़ की भूमि अवैध कब्जे से मुक्त
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment