संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 स्थित जोनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को हॉकी स्टेडियम में बदलने की प्रस्तावित योजना का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को क्षेत्रीय खेल परिसर बचाओ समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नवाब सिंह नागर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। समिति ने मांग की कि शहर के इस बहुउद्देश्यीय खेल मैदान को यथावत रखा जाए, क्योंकि यह हजारों खिलाड़ियों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
दरअसल, समिति के सदस्यों ने बताया कि सेक्टर-37 का यह मैदान केवल एक खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां प्रतिदिन क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल सहित कई खेलों का अभ्यास होता है। इसके अलावा बड़ी संख्या में युवा सेना, पुलिस, अर्द्धसैनिक बल और अन्य सरकारी सेवाओं की शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी भी इसी मैदान पर करते हैं। यदि पूरे परिसर को हॉकी स्टेडियम में परिवर्तित कर दिया गया, तो हजारों युवाओं के पास अभ्यास के लिए उपयुक्त स्थान नहीं बचेगा।
खिलाड़ियों का कहना है कि खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी प्रदान करते हैं। सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले अधिकांश युवाओं के लिए यह मैदान सबसे उपयुक्त और सुलभ स्थान है। मैदान का स्वरूप बदलने से उनकी तैयारी प्रभावित होगी और अनेक युवाओं के सपनों पर सीधा असर पड़ेगा।
समिति ने आरोप लगाया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पहले निर्माण कार्य पर रोक लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद मैदान में निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि हॉकी स्टेडियम का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कराया जाए और सेक्टर-37 के मैदान को बहुउद्देश्यीय खेल परिसर के रूप में ही विकसित किया जाए।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों की मांगों की अनदेखी कर निर्माण कार्य शुरू किया गया, तो मैदान पर अनिश्चितकालीन धरना, पैदल मार्च और अन्य लोकतांत्रिक तरीकों से आंदोलन किया जाएगा। खिलाड़ियों का कहना है कि यह केवल एक मैदान नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के सपनों, मेहनत और भविष्य का आधार है।
